भारत-नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों के अफसरों
की बैठक
पंचम वाहिनी चंपावत में हुई बैठक में आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत करने पर मंथन
देवभूमि टुडे
चंपावत। पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल में उप महानिरीक्षक क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा सुधांशु नौटियाल की अध्यक्षता में भारत-नेपाल के मध्य समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने भारत और नेपाल के रोटी-बेटी के संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि इन संबंधों को और अधिक मजबूत किया जाना चाहिए। बैठक में नेपाल की ओर से एपीएफ वैद्धानाथ बिग्रेड हेड क्वाटर के कार्यवाहक बिग्रेडिर दिग विजय सुबेदी के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस बल नेपाल के वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल मौजूद रहा।
भारत-नेपाल सीमा पर आपसी समन्वय बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई, जिसमें भारत-नेपाल सीमा की क्षेत्रीय प्राधिकार (एओआर) में मौजूदा सुरक्षा स्थिति, सीमा पर अपराध एवं अन्य गैर कानूनी गतिविधियों की रोकथाम एवं नियंत्रण से संबंधित मुद्दे और प्रभावी खुफिया जानकारी
उचित स्तर पर साझा किए जाने पर सहमति बनी। तय किया गया कि दोनों देशों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग एवं सीमा सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की बैठकों को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। वक्ताओं ने भारत और नेपाल के लोगों के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र करते हुए मजबूत समन्वय और सहयोग की जरूरत बताई। कहा कि दोनों सीमाबलों के बीच भारत-नेपाल सीमा को सुरक्षित रखने के लिए सीमा की गहरी सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्ते को मजबूत करना जरूरी है।
बाद में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। सशस्त्र सीमा बल और सशस्त्र पुलिस बल नेपाल के अधिकारियों ने चंपावत स्थित ऐतिहासिक बालेश्वर मंदिर का भ्रमण भी किया।

बैठक में मौजूद थे ये अधिकारी:
भारत की ओर से उप महानिरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, 39वीं वाहिनी पलिया के कमांडेंट रविंद्र कुमार राजेश्वरी, 55वीं वाहिनी पिथौरागढ़ के कमांडेंट आशीष कुमार, पंचम वाहिनी चंपावत के कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम, 11वीं वाहिनी डीडीहाट के कमांडेंट अतुल कुमार राय, 57वीं वाहिनी सितारगंज के द्वितीय कमान अधिकारी मनोज कुमार, 49वीं वाहिनी पीलीभीत के उप कमांडेंट किशोर कुमार पाठक और एपीएफ नेपाल की ओर से प्रेम प्रकाश सिग्देल एसपी सैलेश्वरी कंचनपुर, खुम बहादुर केसी एसपी कैलाली, गुण राज नयूपाने एसपी धारचूला, जनक राज उपाध्याय डीवाई एसपी बैद्धानाथ ब्रिगेड, जंग बहादुर कुंवर डीवाई एसपी बौंतड़ी, प्रकाश चन्द्र भट्ट, डीवाई एसपी डाडेलधुरा सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.