लोहाघाट के प्रेमनगर के ग्रामीण सोमवार को दर्ज कराएंगे आपत्ति
ग्रामीणों का आरोप-सहमति के बगैर प्रेमनगर क्षेत्र को मास्टर प्लान में शामिल किया गया
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट विकासखंड की पाटन पाटनी ग्राम पंचायत के प्रेमनगर क्षेत्र के ग्रामीणों ने मास्टर प्लान-2041 का विरोध किया है। कहा कि इसे इसे किसी भी कीमत पर कबूल नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई, तो आंदोलन किया जाएगा।
प्रेमनगर में आज 25 जुलाई को हुई बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मास्टर प्लान-2041 तैयार करते समय उन्हें इससे संबंधित कोई जानकारी नहीं दी गई। प्रशासन ने ग्रामीणों की सहमति के बगैर प्रेमनगर क्षेत्र को मास्टर प्लान में शामिल कर दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि गांव को मास्टर प्लान के दायरे में रखा गया, तो पूरा क्षेत्र प्राधिकरण के अधीन आ जाएगा। जिससे उनकी निजी भूमि पर भी विभिन्न प्रकार के प्रतिबंध लागू हो जाएंगी। उन्होंने इसे ग्रामीणों के हितों के खिलाफ बताया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 27 जुलाई को नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग को ज्ञापन सौंपकर मास्टर प्लान-2041 के संबंध में आपत्ति दर्ज कराई जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन द्वारा योजना पर आपत्तियां एवं सुझाव 31 जुलाई तक मांगे गए हैं, लेकिन ग्राम पंचायत पाटन पाटनी के प्रेमनगर के लोग इस योजना में शामिल नहीं होना चाहते। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी आपत्तियों के बावजूद गांव को मास्टर प्लान में शामिल किया गया, तो वे आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।
प्रदर्शन करने वालों में गोविंद बल्लभ खर्कवाल, आंनद ओली, पुष्कर पंत, मोहन चंद्र जोशी, जगदीश गड़कोटी, चंचल सिंह अधिकारी, कल्याण सिंह, सुरेशगड़कोटी, हरीश पाटनी, राजेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, कैलाश जोशी, अनिल सक्टा, सुरेश जोशी, उमेश पांडेय, दीवान सिंह, बचीराम गडकोटी, दीपक सिंह अधिकारी, केदार दत्त जुकरिया आदि शामिल थे।
© 2026. All Rights Reserved.