बाराकोट के बंतोली गांव में मकान में गिरा देवदार का पेड़
देवभूमि टुडे
चंपावत/बाराकोट। लगातार हो रही बारिश के बीच बाराकोट के बंतोली गांव में सोमवार देर शाम एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां गरीब विधवा महिला दुर्गा देवी के आवासीय भवन के ऊपर अचानक देवदार का भारी-भरकम पेड़ गिर गया। घटना के समय दुर्गा देवी और उनका पुत्र योगेश घर के अंदर खाना बना रहे थे। पेड़ के गिरने से तेज आवाज के साथ अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पेड़ का एक बड़ा हिस्सा आंगन की दीवार से टकरा गया, जिससे मकान को भारी नुकसान होने से बच गया। हादसे में मां-बेटा दोनों सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग, पट्टी पटवारी तथा तहसील आपदा नियंत्रण कक्ष को दी है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में पेड़ों के गिरने और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा खतरा बने पेड़ों का निरीक्षण कर निस्तारण करने की मांग की है।
© 2026. All Rights Reserved.