Friday Aug 28, 2026

चरण मंदिर के पास आए भारी मलबे को हटाने में दो दिन लगने का अनुमान

बारिश के चलते रोड खोलने की लोक निर्माण विभाग कवायद पर फिर रहा पानी

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। नेपाल सीमा से लगी T-J (टनकपुर-जौलजीबी) रोड पर जबर्दस्त भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन से चरण मंदिर के पास रोड के एक हिस्से को नुकसान होने का अंदेशा है। फिलहाल रोड के ऊपर भारी-भरकम मलबा है। वहीं दूसरी तरफ काली नदी है। मलबा काली नदी तक पहुंच गया है। इसके चलते नेपाल सीमा से लगे भारतीय गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है। बारिश की वजह से लोक निर्माण विभाग की रोड खोलने की कवायद पर पानी फिर रहा है।

लोक निर्माण विभाग के टनकपुर के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत ने बताया कि आज 27 अगस्त की पूर्वान्ह T-J रोड पर जर्बदस्त भूूस्खलन हुआ। भारी मलबे ने चरण मंदिर के पास की रोड के एक हिस्से को गायब कर दिया है। इस वजह से वाहनों का आवागमन ठप हो गया है। कलढुंगा, चूका, सीम, खेत, रणकोची से लेकर नेपाल सीमा से लगे तल्लादेश के गांवों का इस सड़क से संपर्क ठप हो गया  है। वहीं सीमा की सुरक्षा में लगी एसएसबी की चार BOP (बॉडर्र आउटपोस्ट) में तैनात जवानों का आवागमन भी प्रभावित हुआ है। यद्यपि रोड वाली साइट में लोनिवि की पोकलैन और जेसीबी मशीन है, लेकिन रोड खोलने की कवायद पर बारिश पानी फेर रही है।

मलबे से पटी T-J रोड।

क्या कहते हैं अधिकारी:

T-J रोड में चरण मंदिर के नजदीक आज पूर्वान्ह जबर्दस्त भूस्खलन हुआ। भूस्खलन इस कदर भयानक था कि मलबा नदी तक जा गिरा। चरण मंदिर के पास की रोड का काफी हिस्सा मलबे से पट गया है। रोड को खोलने के लिए दो मशीनें लगाई गई हैं। लेकिन बारिश की वजह से काम शुरू नहीं हो पाया है। रोड को खोलने के लिए त्वरित प्रयास किए जा रहे हैं। अलबत्ता जिस तरह से मलबा आया है, रोड को खोले जाने में दो दिन तक लग सकते हैं।

लक्ष्मण सिंह सामंत,

सहायक अभियंता, लोनिवि, टनकपुर।

AE लक्ष्मण सिंह सामंत।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.