Monday May 25, 2026

दुर्गम ग्राम सभा खटोली में पहुंचने वाले पहले DM मनीष कुमार के सम्मुख उठी ढेरों समस्याएं, कई का मौके पर समाधान

ग्रामीणों की समस्याओं को संजीदगी से समयबद्ध तरीके से हल करने के अधिकारियों को दिए निर्देश

देवभूमि टुडे

चंपावत। डीएम मनीष कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं को पूरी संजीदगी से समयबद्ध तरीके से हल करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। चंपावत की दूरस्थ ग्राम सभा खटोली में 24 मई को हुई रात्रि चौपाल में अनेकों समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। चंपावत से 55 किलोमीटर दूर दुर्गम ग्राम सभा खटोली में पहुंचने वाले पहले DM मनीष कुमार के सम्मुख लोगों ने पचनई, तल्ली खटोली, मल्ली खटोली, वैला सहित आसपास के कई गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क, आवास, शौचालय, सिंचाई, नेटवर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेंशन से संबंधित समस्याएं उठाईं।

रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते DM मनीष कुमार।

ग्रामीणों द्वारा चल्थी क्षेत्र से गांव को आने वाली विद्युत लाइनों की खराब स्थिति तथा बार-बार विद्युत बाधित होने की शिकायत किए जाने पर DM ने UPCL के EE को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जरूरी लाइन परिवर्तन एवं मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। सरस्वती इंटर कॉलेज आनंदपुरी खटोली में विज्ञान प्रयोगशाला के लिए अतिरिक्त कक्षों की जरूरत की मांग पर CEO को मानकों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भेजने के निर्देश दिए गए।

चौपाल में पार्वती देवी, आन सिंह, कमल सिंह, भरत सिंह, बच्ची सिंह, कुंती देवी, रेखा देवी, मनीषा देवी, शांति देवी, अंजली देवी, लक्ष्मी देवी एवं पुष्पा देवी सहित कई अन्य  ग्रामीणों ने शौचालय, गौशाला एवं प्रधानमंत्री आवास से संबंधित समस्याएं रखीं। DM ने BDO एवं स्वजल के परियोजना प्रबंधक को पात्र व्यक्तियों का सत्यापन कर तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सोनिया देवी द्वारा गांव के दीवानी मोड़ क्षेत्र में हैंडपंप लगाने की मांग पर DM ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर हैंडपंप स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने गांव में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा।

ग्रामीणों ने जी-राम-जी योजना के अंतर्गत नेटवर्क शैडो क्षेत्र होने के कारण मास्टररोल में आने वाली दिक्कतों की शिकायत की। इस पर DM ने BDO को जरूर छूट प्राप्त कर समस्या के समाधान की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

चौपाल में 14 वर्ष पूर्व लापता हुए कुंदन बुराड़ी की पत्नी ने बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा एवं पति की तलाश के संबंध में सहायता की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए DM ने SDM को प्राथमिकता के आधार पर जरूरी कार्यवाही करने और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मल्ली खटोली निवासी बचपन से दिव्यांग सुमन की स्वास्थ्य स्थिति का संज्ञान लेते हुए DM ने CMO को समुचित इलाज एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चनी देवी के परिवार रजिस्टर न बनने के कारण निराश्रित/परित्यक्ता पेंशन बंद होने की शिकायत पर DM ने VPDO को तत्काल परिवार रजिस्टर तैयार कर पात्रता के अनुसार पेंशन संचालित कराने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने गांव में पेयजल, तारबाड़, सिंचाई गूल, सोलर लाइट, मोबाइल नेटवर्क, संपर्क मार्ग एवं अन्य आधारभूत समस्याओं को भी रखा गया। DM ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। DM मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्यालयों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्या का समाधान करना है। इस अवसर पर तल्ली खटोली की प्रधान चंदा बुराठी, मल्ली खटोली की प्रधान सोनिया बिष्ट, नवीन सिंह, अनीता देवी, भवान सिंह महराना, BDO अशोक अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.