Saturday May 23, 2026

रीठा साहिब में 50 दिन पहले पहुंची थी X-RAY मशीन

मशीन इंस्टॉल भी हुई लेकिन तकनीशियन नहीं होने से नहीं मिल रहा ग्रामीणों को लाभ

60 किमी दूर लोहाघाट जाने को मजबूर हैं लाधिया क्षेत्र के ग्रामीण

देवभूमि टुडे

चंपावत/रीठा साहिब। लधिया घाटी  के सबसे बड़ी क्षेत्र रीठा साहिब (चौड़ा मेहता) और आसपास के गांवों के लोग खुश थे कि अब यहां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में X-RAY की सुविधा शुरू हो जाएगी। तब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का सम्मान भी किया गया। लेकिन 3 अप्रैल को X-RAY मशीन पहुंचने और इस्टॉल होने के बावजूद X-RAY पूरे 50 दिन बाद भी शुरू नहीं हो सके हैं। और लाधिया के लोग अब भी X-RAY की सुविधा के लिए 60 किमी दूर लोहाघाट जाने को मजबूर हैं। अब क्षेत्र के लोग जल्द से जल्द X-RAY की सेवा उपलब्ध कराने की मांग की है।

लधिया घाटी क्षेत्र की धुरी है रीठा साहिब। लधिया के इस इलाके में 3 (रीठा साहिब, टांण और भिंगराड़ा) सरकारी अस्पताल है, लेकिन X-RAY की सुविधा कहीं नहीं है। यहां तक कि रीठा साहिब में 3 अप्रैल को मशीन आने के बाद भी X-RAY की सुविधा आज 22 मई तक शुरू नहीं हो सकी है। इस वजह से क्षेत्र के लिए लोगों को करीब 60 किमी दूर लोहाघाट की दौड़ लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। इसमें लोगों का समय और धन दोनों खर्च हो रहा है।

रीय साहिब में इंस्टॉल X-RAY मशीन। 

क्या कहते हैं अधिकारी:

CMO डॉ. देवेश चौहान का कहना है कि रीठा साहिब PHC में X-RAY मशीन इंस्टॉल की जा चुकी है। X-RAY तकनीशियन की भर्ती के लिए सिर्फ 2 आवेदन आए थे। जिस कारण तकनीकी ग्राउंड में यह प्रक्रिया निरस्त कर दी गई। अब फिर से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जा रही है। तकनीशियन की तैनाती के बाद अस्पताल में X-RAY की सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी।

CMO डॉ. देवेश चौहान।

क्या कहते हैं जन प्रतिनिधि:

जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा का कहना है कि X-RAY मशीन क्षेत्र की जरूरत थी। मशीन आ गई और इंस्टॉल भी हो गई, लेकिन इसका संचालन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द तकनीशियन की भर्ती प्रक्रिया को पूरा कर X-RAY मशीन का लाभ लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया है।

जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.