Monday Nov 23, 2026

लोहाघाट के व्यापारी जगदीश खर्कवाल की प्रयागराज में मौत

परिवार में कोहराम, लोहाघाट क्षेत्र में व्यापारी गमजदा

प्रयागराज से 500 मीटर दूर रेलवे ट्रैक में मिला शव

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट/प्रयागराज। प्रयागराज में चलती ट्रेन से गिरने से लोहाघाट मीना बाजार के व्यापारी जगदीश खर्कवाल की मौत हो गई। खर्कवाल का शव प्रयागराज से 500 मीटर दूर रेलवे पटरी में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची प्रयागराज पुलिस ने जेब से मिले आधार कार्ड से खर्कवाल की शिनाख्त हो पाई। इसके बाद प्रयागराज पुलिस ने लोहाघाट पुलिस से संपर्क किया। खर्कवाल बागेश्वर धाम जा रहे थे।

 

प्रयागराज पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्ट्या लगता है कि खर्कवाल चलती ट्रेन से नीचे गिर गए होंगे। अलबत्ता पुलिस घटना की जांच कर रही है। लोहाघाट पुलिस के मुताबिक आधार कार्ड में मिले पते के अनुसार प्रयागराज पुलिस ने लोहाघाट थाने में संपर्क किया। शव की शिनाख्त लोहाघाट के मीना बाजार निवासी जगदीश खर्कवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। इस वाकये से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं व्यापारी जगदीश खर्कवाल के निधन से लोहाघाट क्षेत्र में व्यापारी समाज सहित विभिन्न संगठन गमजदा हैं। निधन पर क्षेत्र के व्यापारियों, जन प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दुख जताया है।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.