16 दिन बाद राहत, नैनीताल के वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु पांगती की टीम को मिली कामयाबी
सुई पऊ क्षेत्र में गुलदार ने 4 नवंबर को एक किशोर को मौत के घाट उतारा था
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। वन विभाग की टीम ने लोहाघाट वन क्षेत्र से गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर लिया है। वन क्षेत्राधिकारी आरसी जोशी ने बताया कि नैनीताल के वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु पांगती के नेतृत्व में 20 नवंबर की सुबह 5 बजे ये कामयाबी मिली। गुलदार को गलचौड़ा के पास ट्रैंकुलाइज किया गया। इस गुलदार को रेस्क्यू सेंटर में ले जाया जाएगा। लेकिन इसे अल्मोड़ा, नैनीताल या किए सेंटर ले जाया जाएगा, अभी तय नहीं है। गुलदार के गिरफ्त में आने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

गुलदार ने 4 नवंबर की रात सुई पऊ क्षेत्र में घर के पास से 13 साल के हर्षित पुजारी को मौत के घाट उतार दिया था। उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में तबसे वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त, ट्रैप कैमरे, सीसीटीवी कैमरे, पिंजरे और ट्रैंकुलाइज करने वाली टीम तैनात की थी। अलबत्ता आज 17वें दिन की सुबह लोगों के लिए भी राहत का सूर्योदय हुआ। वन विभाग की टीम में दरोगा अजय दीप टम्टा, वन रक्षक हिमांशु मोहन जोशी, अनीस, रोहित मेहता आदि शामिल थे। रेंजर आरसी जोशी ने बताया कि गुलदार के पकड़े जाने के बावजूद एहतियातन गश्त जारी रहेगी। लोगों से भी सजग रहने की अपील की गई।
© 2026. All Rights Reserved.