लोहाघाट के सुंई डुंगरी में गुलदार का खौफ बरकरार, लोकेशन दिखने के बाद बढ़ी दहशत
4 नवंबर की रात लोहाघाट सुंई डुंगरी के किशोर को बनाया था निवाला
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट क्षेत्र के सुंई डुंगरी गांव में 13 वर्षीय हर्षित पुजारी को मौत के घाट उतारने वाला गुलदार अभी तक पिंजरे में कैद नहीं हो सका है। अलबत्ता गुलदार ट्रैप करने के लिए लगाए गए कैमरे में एक बार जरूर दिखा। पकड़ में नहीं आने मगर कैमरे में नजर आने से क्षेत्र में दहशत है। गुलदार कब किसी और की जान ले ले? इस आशंका से लोग शाम होते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
गुलदार को पकड़ने की वन विभाग की तमाम कवायद कामयाबी से दूर है। विभाग ने गश्त बढ़ाने के साथ ही क्षेत्र के विभिन्न स्थानाें पर 7 पिंजरे और 12 कैमरे, 3 वाईकाई कैमरे और ट्रेंकुलाइज करने के लिए टीम मुस्तैद की है। लेकिन इसके बावजूद घटना के 6 दिन बाद भी वन विभाग के हाथ खाली हैं।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार गांव के आसपास ही मंडरा रहा है। वन विभाग के कैमरा ट्रैप में गुलदार की लोकेशन मिलने के बाद दहशत और बढ़ गई है। ग्राम पंचायत सुई पऊ के डुंगरी तोक एवं आसपास के क्षेत्रों में वन विभाग ने 12 कैमरा ट्रैप और दो लाइव कैमरे लगाए हैं।
वन क्षेत्राधिकारी रमेश चंद्र जोशी के मुताबिक कैमरा ट्रैप में रविवार की दोपहर गांव के पास ही गुलदार की तस्वीर कैद हुई है। विभाग का कहना है कि गुलदार को पकड़ने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि डुंगरी तोक के सामने पातल के जंगल में दिनदहाड़े दो सफेद रंग के गुलदार दिखाई दे रहे हैं। कहा कि डुंगरी तोक में लगाए गए पिंजरे में रखी मुर्गी को भी किसी जानवर ने खा लिया है। लेकिन पिंजरे में कुछ फंसा नहीं है। वन विभाग के अनुसार पिंजरे में रखी मुर्गी को खड़ौद (ऊदबिलाव) खा गया है, जिसके बाद पिंजरे की लोकेशन बदल दी गई है।
बलाई व मंगोली में भी दिख रहा गुलदार:
लोहाघाट के बलाई गांव में भी गुलदार दिखाई देने से ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों के मुताबिक बाजार आने-जाने के दौरान वे पटाखे लेकर चल रहे हैं, ताकि गुलदार को भगाया जा सके। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त करने और पिंजरा लगाकर गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं मंगोली क्षेत्र में भी गुलदार की दहशत बनी हुई है। वन विभाग ने टीमों को मंगोली भेज दिया है। जबकि बलाई में ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
© 2026. All Rights Reserved.