Tuesday Jun 9, 2026

लोहाघाट के रायनगर चौड़ी में दूसरे दिन भी दिखा गुलदार गुलदार के खौफ से निजात दिलाने की ग्रामीणों की मांग

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट से लगे रायनगर चौड़ी गांव में दो दिन से गुलदार मंडरा रहा है। जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। शुक्रवार की रात एक बछड़े को मौत के घाट उतारने के बाद शनिवार को गुलदार फिर गांव में घुस आया। डरे सहमे ग्रामीणों ने वन विभाग से तुरंत पिंजरा लगाने की मांग की है। 

शनिवार शाम वन विभाग की टीम ने लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से गुलदार से सावधान रहने की अपील की। साथ ही जंगल के विभिन्न इलाकों में पटाखे भी फोड़े गए। रात करीब 9:25 बजे लोहाघाट डिग्री कॉलेज रोड से गांव की ओर आता हुआ गुलदार सीसीटीवी में कैद हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि डिग्री कालेज मार्ग से रेंजर क्वार्टर, रायनगर चौड़ी, डैंसली, भुमलाई, गल्लागांव, कोयाटी, गंगनौला सहित कई इलाकों के ग्रामीण और व्यापारी आवाजाही करते हैं। शाम के समय व्यापारी दुपहिया वाहन या पैदल इस मार्ग से घर लौटते हैं। ऐसे में गुलदार का बार-बार दिखना उनके लिए बड़ा खतरा बन गया है। रेंजर रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। गुलदार को पकड़ने के लिए जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.