Sunday Jun 14, 2026

बाराकोट के रैघांव की घटना

पांव में लगे नाखून

इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी

देवभूमि टुडे

चंपावत/बाराकोट। बाराकोट के ग्राम पंचायत रैघांव के सलानी तोक में गुलदार ने एक ग्रामीण पर हमला बाेल दिया। गनीमत रही कि ग्रामीण गुलदार के जबड़े में नहीं आया। उनके पांव में गुलदार के नाखून लगे हैं। ग्रामीण के शोरगुल करने के बाद गुलदार मौके से भाग निकला। इस घटना से क्षेत्र में दहशत है। नागरिकों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

हरीश सिंह।

रैघांव निवासी 44 वर्षीय हरीश सिंह पुत्र राम सिंह मजदूरी कर शुक्रवार शाम घर की ओर लौट रहा था। कामाज्यूला और सिमलखेत के बीच तीन शावकों के साथ घूम रही गुलदार ने हरीश पर अचानक हमला बोल दिया। हमले से ग्रामीण के पांव में गुलदार के पंजों से खरोंचें आई हैं। शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। गुलदार के हमले से बचकर हरीश सिंह गांव पहुंचा और इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। रेंजर आरके जोशी के मुताबिक गुलदार प्रभावित क्षेत्र में टीम भेज दी गई है। घायल ग्रामीण का इलाज कराने के बाद उसे घर छोड़ दिया गया है। युवक के पांव में गुलदार के पंजों के घाव हैं।

वन विभाग ने स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने और बच्चों को अकेला नहीं छोड़ने की अपील की है। इस घटना के बाद विभागीय टीम ने गश्त शुरू कर दी है। गुलदार की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.