Sunday Jul 26, 2026

सूखीढांग के आमखर्क गांव का मामला

ग्रामीणों ने पिंजड़ा लगाने की मांग की, वन विभाग ने शुरू की गश्त

देवभूमि टुडे

चंपावत/सूखीढांग। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे बृजनगर सूखीढांग के आमखर्क गांव में गुलदार ने आज 25 जुलाई  की सुबह 5 बजे केशव दत्त चौड़ाकोटी के घर के दरवाजे पर बैठे कुत्ते पर हमला कर घायल कर दिया। घरवालों के शोरगुल करने पर गुलदार घायल कुत्ते को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।

 

ग्रामीण संजय चौड़ाकोटी ने बताया कि इस इलाके और आसपास गुलदार अक्सर नजर आता है। यहां तक कि कई बार गुलदार आंगन तक पहुंच जाता है। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। बच्चों को स्कूल भेजने में भी खतरा हो गया है। लोग जानवरों को चुगाने के लिए जंगल ले जाने में भी डर रहे हैं।

इधर शनिवार सुबह गुलदार के गांव में दस्तक देने की सूचना के बाद बूम रेंज के वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन ने तत्काल बस्तिया सेक्शन के वन दरोगा महेश सिंह अधिकारी को टीम के साथ गांव में भेजा। 6 कैमरा ट्रैप लगाकर टीम के साथ गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता शंकर जोशी, कमल किशोर, हयात सिंह राना, नाथ सिंह, आशीष राना, चंद्रा देवी, ललित मोहन, किशन सिंह बोहरा आदि ने वन विभाग से शीघ्र पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.