24 फरवरी 2023 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया था गोरलचौड़ के पास जेल वाली जमीन पर ओपन एयर थिएटर बनाने का ऐलान
अब 1.062 हेक्टेयर भूमि पर्यटन विभाग को हस्तांतरित हो गई
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत के गोरलचौड़ मैदान के पास 1.062 हेक्टेयर भूमि पर्यटन विभाग को नि:शुल्क हस्तांतरित की जाएगी। इस संबंध में अपर सचिव तृप्ति भट्ट ने आदेश जारी कर दिए हैं। इस जमीन का उपयोग मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार ओपन एयर थिएटर बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने 24 फरवरी 2023 को गोरलचौड़ के पास जेल वाली जमीन पर ओपन एयर थिएटर बनाने का एलान किया था। लेकिन थिएटर के निर्माण की दिशा में कार्रवाई शुरू होने में सुस्त गति रही। अलबत्ता 3 साल 5 माह बाद भूमि हस्तांतरण के साथ पहला कदम उठाया गया है। डीएम मनीष कुमार का कहना है कि ओपन एयर थिएटर बनने से रंगमंचीय कला के विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। ओपन थिएटर से रंगमंचीय सांस्कृति विधा का प्रोत्साहन होगा। इस थिएटर के बनने से नाटक, संगीत और नृत्य सीखने के साथ प्रदर्शित करने का मंच मिल सकेगा।

पहले यहां बननी थी जिला जेल:
चंपावत। जिस भूमि पर अब थिएटर बनेगा, वह स्थान पहले जिला जेल भवन के लिए तय की गई थी। और बाकायदा जिला जेल भवन का काम भी शुरू हो गया था। अप्रैल 2008 में गोरलचौड़ मैदान के पास जिला जेल भवन का शिलान्यास हुआ था। भूमि के मुआवजे और चहारदीवारी बनाने में 2.22 करोड़ रुपये खर्च भी हुए, लेकिन 2012 से काम बंद था। लोगों की आपत्ति को देखते हुए 2021 में निर्माणाधीन जेल की जगह बदल कर फूंगर की गई। और इस वक्त चंपावत से 8 किलोमीटर दूर फूंगर ग्राम पंचायत में 103 नाली और छह मुट्ठी जमीन पर जिला जेल भवन निर्माण का काम चल रहा है।
© 2026. All Rights Reserved.