DM के मुआयने के बाद स्थिति कुछ सुधरी
भारतीय तेल निगम के अधिकारी भी पहुंचे
चंपावत जिले में 5 हजार से अधिक सिलिंडरों का बैकलॉग
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले में आज 21 मार्च को ईद-उल-फितर के पर्व के बावजूद सभी चारों गैस वितरण केंद्रों में सिलिंडर वितरित हुए। कुल 920 सिलिंडर बांटे गए। लेकिन अनेकों लोग सिलिंडर नहीं मिलने से मायूस भी रहे। वैसे चंपावत जिले में इस वक्त 5 हजार से अधिक सिलिंडर का बैकलॉग है।
चंपावत गैस वितरण केंद्र में शनिवार सुबह 5 बजे से लाइन लगना शुरू हो गया था, लेकिन अन्य दिनों के विपरीत आज गैस केंद्र सवा 10 बजे बाद खुला। लंबे इंतजार के बाद भी अफरातफरी बनी रही। हालात को देखते हुए खुद DM मनीष कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने उपभोक्ताओं से संयम बरतने की अपील की। कहा कि बुकिंग कराने वाले सभी उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिलेगा। जिन लोगों को बुकिंग में दुश्वारी आ रही है, गैस केंद्र उनकी मदद करेगा। IOC के प्रतिनिधि हर्षित पंत ने भी सिलिंडर की सप्लाई की व्यवस्था का जायजा लिया। जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने उपभोक्ताओं से बेवजह पैनिक नहीं करने की अपील की। व्यवस्था को संवारने में सभासद रोहित बिष्ट और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सनी वर्मा ने भी सहयोग किया।




21 मार्च को वितरित सिलिंडर:
चंपावत: 234
लोहाघाट: 234
टनकपुर: 342
देवीधुरा: 110
सभासदों ने हर वार्ड में सिलिंडर की गाड़ी भेजने की मांग की:
चंपावत नगर क्षेत्र में गैस सिलिंडर की आपूर्ति हर वार्ड के डिलीवरी प्वाइंटों पर करने की मांग की है। सभासद रोहित बिष्ट, प्रेमा चिल्कोटी, सामाजिक कार्यकर्ता सनी वर्मा ने हर वार्ड में डिलीवरी प्वाइंटों पर वितरण के लिए रोस्टर जारी करने का आग्रह किया। कहा कि लोगों को गैस वितरण केंद्र में लाइनों में खड़ा न होना पड़े, इसके लिए व्यवस्था की जानी चाहिए।


© 2026. All Rights Reserved.