उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग, विपणन एवं मूल्य संवर्धन के माध्यम से किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर मंथन
बागवानी से बढ़ेगा स्वरोजगार और रिवर्स पलायन
किसानों की आय बढ़ाने के लिए कीवी उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा देने पर जोर
देवभूमि टुडे
चंपावत। किसानों की आय बढ़ाने तथा गांवों में स्वरोजगार के अवसर विकसित कर रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज 3 नवंबर को चंपावत कलक्ट्रेट में कीवी महोत्सव एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ DM मनीष कुमार एवं दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव में कीवी उत्पादन के विस्तार के साथ ही पैकेजिंग, ब्रांडिंग, विपणन एवं मूल्य संवर्धन के माध्यम से किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई।
DM ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य की दिशा में कृषि एवं बागवानी में नवाचार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। चंपावत की जलवायु कीवी उत्पादन के लिए अनुकूल है। उन्होंने किसानों से विशेषज्ञों एवं अनुभवी उत्पादकों से व्यावहारिक जानकारी प्राप्त कर उसे अपने बागानों में अपनाने की अपील की। कहा कि उत्पादन के साथ गुणवत्ता, उचित पैकेजिंग और बाजार से जुड़ाव पर ध्यान देने से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
डीएम ने बताया कि जिले में जिला योजना के अंतर्गत लगभग 2 करोड़ रुपये की धनराशि से इस वर्ष करीब 24 एकड़ क्षेत्र में कीवी उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों से कीवी के साथ सेब, मौनपालन एवं अन्य बागवानी गतिविधियों को भी अपनाने की अपील की, जिससे आय के अतिरिक्त अवसर विकसित हो सकें। उन्होंने कहा कि जनपद को कीवी उत्पादन के हब के रूप में विकसित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए किसानों को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग एवं विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने एवं बागवानी के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में लाभकारी कृषि और बागवानी गतिविधियों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ते हैं तथा रिवर्स पलायन को प्रोत्साहन मिलता है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, काश्तकार नरेश करायत, CDO अजय सिंह, DHO योगेश भट्ट सहित बड़ी संख्या में काश्तकार मौजूद थे।







कीवी मैन भवान सिंह नेगी ने साझा की जानकारी:
प्रशिक्षण में ‘कीवी मैन’ के रूप में प्रसिद्ध भवान सिंह कोरंगा ने कीवी की खेती से जुड़ी व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी साझा की। एपीडा के प्रबंधक विशाल सैनी ने चंपावत में फलों के निर्यात की संभावनाओं तथा कृषि विज्ञान केंद्र, लोहाघाट के अविकल कुमार ने जनपद में औद्यानिकी की संभावनाओं पर जानकारी दी। प्रगतिशील कृषक कमल गिरी ने बागवानी को पर्यटन से जोड़ने के विषय पर अपने अनुभव साझा किए। नर्सरी डेवलपमेंट अधिकारी दीपिका शर्मा, उद्यान निरीक्षक आशीष रंजन, प्रदीप पचौली ने तकनीकी मार्गदर्शन दिया। दिनेश बिष्ट ने कीवी एवं अन्य फलों के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन की जानकारी दी। प्रगतिशील शहद उत्पादक हरीश जोशी ने जनपद में मौनपालन की संभावनाओं एवं महत्व से किसानों को अवगत कराया।
अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ व चंपावत के किसानों ने लगाए स्टाल:
कीवी महोत्सव में नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं चंपावत के विभिन्न हिस्सों से आए प्रगतिशील किसानों ने स्टाल लगाए। DM ने स्टॉलों का निरीक्षण किया। महोत्सव के दौरान 250 से 300 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से लगभग 40 हजार रुपये की कीवी की बिक्री हुई। कीवी उत्पादन एवं बागवानी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर प्रथम स्थान प्राप्त मनोज कोरंगा, द्वितीय स्थान रमेश चन्द्र खर्कवाल, तृतीय स्थान प्राप्त पीताम्बर गहतोड़ी ने प्राप्त किया। सभी को प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
© 2026. All Rights Reserved.