Sunday Nov 22, 2026

25 नवंबर को राजेश बिष्ट के नेतृत्व में चंपावत दुग्ध संघ में प्रस्तवित है तालाबंदी

1 माह का समय देने के बावजूद दूध के दाम नहीं बढ़ाने से भड़के दुग्ध उत्पादक

देवभूमि टुडे

चंपावत/हल्द्वानी। उत्तराखंड में पशुपालकों को दूध का वाजिब दाम दिलाने की मांग को लेकर किसान मंच ने आंदोलन को प्रदेश के हर जिले तक फैलाने का ऐलान किया है। किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष किसान पुत्र कार्तिक उपाध्याय ने चंपावत जिले के पशुपालकों द्वारा 25 नवंबर को दुग्ध संघ कार्यालय में तालाबंदी को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। कहा कि वे स्वयं भी इस आंदोलन में शिरकत करेंगे।

उहोंने कहा कि किसान मंच पूरे उत्तराखंड में गाय के दूध का मूल्य ₹61 और भैंस के दूध का मूल्य ₹71 प्रति लीटर करने की मांग कर रहा है। राजेश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में चंपावत से उठी पशुपालकों की आवाज जल्द ही प्रदेश सरकार तक मजबूती से पहुंचेगी। 

राजेश बिष्ट (ऊपर) एवं किसान पुत्र कार्तिक उपाध्याय। 

उपाध्याय ने कहा कि चंपावत वर्तमान में मुख्यमंत्री की राजनीतिक कर्मभूमि है, इसलिए स्वाभाविक है कि यहां के किसानों और पशुपालकों की समस्याओं पर मुख्यमंत्री का विशेष ध्यान होना चाहिए। किसान मंच पूर्व में भी स्थानीय पशुपालकों के साथ आंदोलन करने जा रहा था, लेकिन उस समय दुग्ध संघ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मांगों के समाधान के लिए समय मांगा था। त्योहारों को देखते हुए पशुपालकों ने उनकी अपील का सम्मान किया और आंदोलन स्थगित कर दिया। लेकिन एक माह बीतने के बाद भी न दुग्ध संघ और नहीं प्रशासन पशुपालकों की मांगों पर कोई ठोस समाधान निकाल सका है।

उपाध्याय ने कहा कि आंदोलन टालने की अपील करने से बेहतर होगा कि दुग्ध संघ पशुपालकों के दूध के दाम बढ़ाने के लिए शासन स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएं। पशुपालक दिन-रात मेहनत करके दूध का उत्पादन करते हैं, लेकिन बढ़ते पशु आहार, चारे और अन्य खर्चों के अनुपात में उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।

उपाध्याय ने कहा कि 25 नवंबर को दुग्ध संघ कार्यालय में तालाबंदी का निर्णय स्थानीय पशुपालकों का है और किसान मंच उनके इस निर्णय के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। दुग्ध समिति सचिव भी आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होगा। उन्होंने दुग्ध सहकारी समितियों के सचिवों से भी आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। किसान मंच की मांग केवल पशुपालकों तक सीमित नहीं है। संगठन दुग्ध समिति सचिवों की प्रोत्साहन मानदेय राशि ₹2 प्रति लीटर करने की मांग भी कर रहा है।

मुख्य रूप से हैं ये 3 मांगें:

1.दुग्ध मूल्य में तत्काल इजाफा।

2.पशु आहार पर सब्सिडी।

3.सचिवों के मानदेय में वृद्धि।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.