Friday Aug 28, 2026

चंपावत में युवाओं ने सुना पीएम मोदी का वर्चुअल संबोधन, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने साझा किए अपने अनुभव एवं सुझाव

क्विज, माय भारत पंजीकरण एवं नशा मुक्ति की शपथ सहित कई गतिविधियां हुईं

देवभूमि टुडे

चंपावत। 29 अगस्त को होने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस से 2 दिन पूर्व My Bharat के तत्वावधान में चंपावत के धूरा, सूखीढांग और राजकीय पीजी कॉलेज लोहाघाट में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम हुआ। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा भी शामिल हुए। इस दौरान खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों में हुए विकास, उपलब्ध अवसरों एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन भी सुना गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिभाओं लक्ष्मी रावत एवं निक्की पांडेय ने स्पोर्ट्स आइकन के रूप में युवाओं के साथ संवाद किया। लक्ष्मी रावत लंबी कूद और निक्की पांडेय हर्डल रेस में राष्ट्रीय स्तर में हिस्सा ले चुकी हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहाड़ी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल मैदान, आवश्यक खेल उपकरण, गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, नियमित प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के अधिक अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। इस दौरान माय भारत के उपनिदेशक शैलेश भट्ट सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

 

इधर राजकीय पीजी. कॉलेज लोहाघाट में राष्ट्रीय स्तर की कराटे गोल्ड मैडलिस्ट प्राची ने स्पोर्ट्स आइकन के रूप में युवाओं से संवाद किया। उन्होंने अपने खेल अनुभव साझा करते हुए युवाओं को निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। युवा संवाद के दौरान माय भारत स्वयंसेवक, एनएसएस स्वयंसेवक, स्थानीय युवाओं एवं खिलाड़ियों के बीच खेल विकास, युवा नेतृत्व, प्रतिभा पहचान और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा की गई। युवाओं की क्विज प्रतियोगिता भी हुई।

मौजूद थे ये लोग:

भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना, सुभाष बगौली, मनोज कालाकोटी, हेमा जोशी़ किरन देवी, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, माय भारत के स्वयंसेवक, एनएसएस स्वयंसेवक, स्थानीय युवा, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.