चेन्नई में पासिंग आउट परेड के बाद सेना में लेफ्टिनेंट बने कोटकेंद्री निवासी कार्तिक सिंह
कार्तिक सिंह का पूरा परिवार सेना की पृष्ठभूमि से आता है
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर क्षेत्र के कोटकेंद्री निवासी कार्तिक सिंह एक साल की ऑफिसरी ट्रेनिंग के बाद चेन्नई में कल 7 मार्च को हुई पासिंग आउट परेड के बाद लेफ्टिनेंट बन गए हैं। उन्होंने पिछले साल CDS (सम्मिलित रक्षा सेवा) की परीक्षा पास की थी।

कार्तिक का परिवार वर्तमान में टनकपुर के नायकगोठ में रहता है। उनका पूरा परिवार सेना की पृष्ठभूमि से आता है। कार्तिक के दादा हवलदार सोबन सिंह ने वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भाग लिया था। पिता सूबेदार रमेश सिंह भी वर्तमान में AMC (आर्मी मेडिकल कोर) अरुणाचल प्रदेश में तैनात हैं। चाचा हवलदार अर्जुन सिंह राजस्थान और चचेरा भाई नायक दीपक सिंह छठी कुमाऊं रेजीमेंट में हैं और वर्तमान में वह अरुणाचल प्रदेश में सेवा दे रहे हैं। कार्तिक की प्रारंभिक शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल बरेली तथा उच्च शिक्षा दिल्ली यूनिवर्सिटी से हुई है। कार्तिक सिंह का छोटा भाई विदित सिंह NIT सिलचर से पढ़ाई कर रहा हैं। मां बबीता आर्मी प्री प्राइमरी स्कूल दिल्ली में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। बचपन से ही सैन्य माहौल के बीच पले-बड़े कार्तिक का सपना हमेशा से ही आर्मी अफसर बनने का था। जिसे उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि से उनका पूरा परिवार खुद को गौरवांवित महसूस कर रहा है। उनके सेना अधिकारी बनने पर गांव में भी खुशी का माहौल है।
कोटकेंद्री को Road से जोड़ने की मांग:
ग्राम प्रधान पंकज तिवारी, पूर्व प्रधान पंडित मथुरा दत्त पांडेय, मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी सहित क्षेत्र के तमाम लोगों ने कार्तिक के लेफ्टिनेंट बनने पर खुशी जरूते हुए बधाई दी है। पंडित मथुरा दत्त पांडेय ने कहा कि सड़कविहीन कोटकेंद्री गांव के नौजवान की यह सफलता सभी के लिए प्रेरणप्रद है। उन्होंने कोटकेंद्री गांव को सड़क से जोड़ने का भी आग्रह किया है।
© 2026. All Rights Reserved.