राजस्थान के 63 साल के गौरी शंकर खंडेलवाल की नाभीढांग में दिल का दौरा पड़ने से मौत
दूसरे दल में 2 दिन में 2 मौतें
देवभूमि टुडे
चंपावत/पिथौरागढ़। कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट रहे दूसरे दल के एक श्रद्धालु की पिथौरागढ़ जिले के नाभीढांग में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। श्रद्धालु को एकाएक सांस लेने में दिक्कत हुई। उन्हें तुरंत सेना के मेडिकल सेंटर ले जाया गया।
धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी के मुताबिक कैलाश मानसरोवर यात्रा के दूसरे दल ने मंगलवार सुबह 08:45 बजे लिपुलेख से भारत में प्रवेश किया। इसी दौरान दल में शामिल यात्री गौरी शंकर खंडेलवाल (63) निवासी 403 गोल्डन टाइम सेंटर, स्पाइन, विद्याधरनगर, जयपुर, राजस्थान को सांस लेने में दिक्कत हुई। उन्हें तुरंत सेना के एमआई रूम नाभीढांग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को गुंजी से हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ लाया गया। कैलाश मानसरोवर समुद्र तल से काफी ऊंचाई पर है। मानसरोवर झील की ऊंचाई 15 हजार फीट से भी ज्यादा है। अधिक ऊंचाई के कारण ऑक्सीजन का स्तर कम रहने से यात्रियों और स्टाफ को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। दूसरा दल टनकपुर से 9 जुलाई को धारचूला के लिए रवाना हुआ था।
कैलाश मानसरोवर की यात्रा कर अभी तक 2 दल चीन से भारत वापस आ चुके हैं। तीसरा दल अभी चीन में है। चौथा दल तिब्बत के लिए रवाना हो चुका है। जबकि पांचवें दल को मार्ग में बोल्डर गिरने के कारण तवाघाट में रोकना पड़ा है। सड़क ठीक होने के बाद ही दल को आगे भेजा जाएगा।

दूसरे दल में 2 दिन में 2 मौतें:
इसी दूसरे दल में दो दिन के अंदर यह दूसरी मौत है। इससे पूर्व कुमाऊं मंडल विकास निगम के कुक की भी चीन में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। KMVN के कुक जीवन राम की चीन के गुंफू में सोमवार रात मौत हो गई थी। अल्मोड़ा के छाना खोरकोटा निवासी कुक की मौत का कारण भी हार्ट अटैक बताया गया है। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन धारचूला पहुंचे थे। पोस्टमॉर्टम के बाद कुक जीवन राम का शव परिजन मंगलवार रात को ही धारचूला से अल्मोड़ा ले गए। चीन प्रशासन के मुताबिक ऑक्सीजन लेवल कम होने से उन्हें दिल का दौरा पड़ा. जिससे उनकी मौत हो गई।
© 2026. All Rights Reserved.