'सुरक्षित ईंधन-सुरक्षित जीवन" विशेष जागरूकता अभियान के तहत जनपद न्यायाधीश सहित न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं ने पैदल चलकर दिया पर्यावरण व ईंधन संरक्षण का संदेश
देवभूमि टुडे
चंपावत। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में प्राकृतिक संसाधनों की बचत एवं ईंधन संरक्षण हेतु संचालित जन-जागरूकता कार्यक्रम "सुरक्षित ईंधन-सुरक्षित जीवन" के अंतर्गत चंपावत में एक संदेशपरक अभियान चलाया गया। अभियान के क्रम में आज शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला जज अनुज कुमार संगल ने अपने आवास स्थित गौरलचौड़ मैदान मार्ग से जिला न्यायालय परिसर तक की दूरी पैदल तय की। जिला जज की इस अनूठी पहल से प्रेरित होकर उक्त मार्ग पर निवास करने वाले विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अधिवक्तागण और न्यायालय के अधिकारी व कर्मचारी भी अपने-अपने आवासों से इस पैदल यात्रा में शामिल हो सामूहिक रूप से न्यायालय पहुंचे।




जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुज कुमार संगल ने "सुरक्षित ईंधन-सुरक्षित जीवन" अभियान की महत्ता और समसामयिक प्रासंगिकता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में ईंधन की बचत करना समय की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हम सभी का कर्तव्य है कि हम अपने दैनिक जीवन में ईंधन और प्राकृतिक संसाधनों का सदुपयोग का संकल्प लें। जागरूकता अभियान में जिले के तमाम PLV भी शामिल थे।
© 2026. All Rights Reserved.