चंपावत के मुख्य शिक्षधिकारी मान सिंह ने जांच के लिए 3 खंड शिक्षा अधिकारियों की कमेटी बनाई
फर्जी विज्ञप्ति के सहारे नियुक्ति मिलने का एक नागरिक ने आरोप लगाया
अशासकीय विद्यालय सरस्वती इंटर कॉलेज आनंदपुरी खटोली से जुड़ा 17 साल पुराना है मामला
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले के एक अशासकीय इंटर कॉलेज में फर्जी विज्ञाप्ति से कुछ शिक्षकों की नियुक्ति का आरोप लगा है। इस संबंध में एक व्यक्ति ने CEO को पत्र भेज जांच की मांग की है। मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह ने मामले की जांच के लिए 3 सदस्यीय एक समिति बनाई है। चंपावत के कारोबारी संदीप पांडेय ने जिले के अशासकीय विद्यालय सरस्वती इंटर कॉलेज आनंदपुरी खटोली में वर्ष 2009 में शिक्षकों की नियुक्ति में फर्जी विज्ञप्ति एवं फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में धांधली, नियमों का उल्लंघन एवं फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है।
आरोप के मुताबिक विद्यालय द्वारा समाचार पत्र की विज्ञप्ति की जो प्रति उपलब्ध कराई गई है, उस संबंध में संबंधित समाचार पत्र ने लिखित में यह कहा है कि 25 अगस्त 2009 को उनके समाचार पत्र में ऐसी कोई भी विज्ञप्ति प्रकाशित नहीं की गई थी। पत्र में पांडेय ने फर्जी विज्ञप्ति के आधार पर की गई चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कथित रूप से अवैध नियुक्तियों को निरस्त करने की मांग की गई है। साथ ही इस धोखाधड़ी में शामिल विद्यालय प्रबंधन समिति, जिम्मेदार पदाधिकारी एवं अवैध रूप से नियुक्त कर्मियों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
3 सदस्यीय जांच समिति बनाई:
आरोपों की जांच के लिए मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह ने 3 सदस्यीय जांच समिति बनाई है। कहा कि चंपावत के खंड शिक्षाधिकारी भरत जोशी के नेतृत्व में गठित जांच समिति के 2 अन्य सदस्य लोहाघाट और बाराकोट के खंड शिक्षाधिकारी हैं। CEO ने बताया कि आरोपों की जांच के लिए सभी दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। समिति को 15 सितंबर तक जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

© 2026. All Rights Reserved.