Tuesday Nov 17, 2026

 

अल्मोड़ा में 'जमुना देवी खनी स्मृति कुमाउनी संस्मरण लेखन पुरस्कार’ प्राप्त करते जनार्दन चिलकोटी।

अल्मोड़ा में हुए राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में जनार्दन चिलकोटी को मिला ‘जमुना देवी खनी स्मृति कुमाउनी संस्मरण लेखन पुरस्कार’

देवभूमि टुडे

चंपावत/अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में 14 नवंबर से दो दिन तक हुए राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में चंपावत के सामाजिक कार्यकर्ता RED CROSS SOCIETY के जिला सचिव और साहित्य के क्षेत्र में खास पहचान रखने वाले जनार्दन चिलकोटी को ‘जमुना देवी खनी स्मृति कुमाउनी संस्मरण लेखन पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। उन्हें साहित्यिक योगदान के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।

बहुमुखी प्रतिभा के धनी सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी जनार्दन चिलकोटी को मिला यह सम्मान उनकी साहित्यिक अभिरुचि एवं कुमाउनी भाषा-संस्कृति के प्रति समर्पण का सम्मान है। जिले के साहित्यकारों की सम्मेलन में सक्रिय सहभागिता और जिले के प्रतिनिधि को मिले पुरस्कार से साहित्यिक एवं सांस्कृतिक जगत उत्साहित है।

कुमाउनी भाषा का संरक्षण हर कुमाउनी की जिम्मेदारी:

भाषा के संरक्षण, संवर्धन पर हुआ मंथन:

चंपावत/अल्मोड़ा। दो दिवसीय राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में कुमाउनी भाषा के संरक्षण, संवर्धन, साहित्यिक विकास और व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर विभिन्न सत्रों में मंथन हुआ। वक्ताओं ने कहा कि कुमाउनी केवल संवाद की भाषा नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों, लोकगाथाओं, रीति-रिवाजों और ऐतिहासिक विरासत की पहचान भी है। नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा से जोड़ना तथा घर-परिवार से लेकर विद्यालयों और सामाजिक आयोजनों तक कुमाउनी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। अपनी मातृभाषा का संरक्षण केवल साहित्यकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक कुमाउनी भाषी व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है।

कार्यक्रम में अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, प्रोफेसर अशोक कुमार पंत, पूर्व कुलपति नरेन्द्र सिंह भंडारी, डॉ. हयात सिंह रावत सहित अनेक विद्वान, कवि, साहित्यकार, भाषा प्रेमी एवं नागरिक मौजूद थे। सम्मेलन के दौरान साहित्यकारों ने इस बात पर विशेष बल दिया कि कुमाउनी भाषा को केवल साहित्यिक आयोजनों तक सीमित न रखते हुए इसे जनजीवन, शिक्षा, लेखन, डिजिटल माध्यमों और नई पीढ़ी के दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। इसके लिए सामूहिक प्रयास, साहित्य सृजन, लोक साहित्य का संकलन और भाषा के प्रति सामाजिक जागरूकता जरूरी है।

दो दिवसीय राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले साहित्यकार।

सम्मेलन में शामिल हुए चंपावत जिले के 4 साहित्यकार:

चंपावत/अल्मोड़ा। दो दिवसीय राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में चंपावत जिले के चार साहित्यकारों ने हिस्सा लिया। जनार्दन चिलकोटी के अलावा कवि एवं साहित्यकार तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी भूपेन्द्र देव ‘ताऊजी', किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य व जनकवि प्रकाश जोशी ‘शूल’ और युवा कवि नितिन देव ने सम्मेलन में प्रतिभाग किया। जिले के साहित्यकारों की इस सहभागिता ने कुमाउनी भाषा एवं साहित्य के प्रति चंपावत की रचनात्मक प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।

मातृभाषा के रूप में ‘कुमाउनी’ का उल्लेख करें:

चंपावत/अल्मोड़ा। राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में आगामी जनगणना के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण अपील की गई। आज 16 नवंबर से शुरू होने वाली स्वगणना प्रक्रिया में सभी कुमाउनी भाषियों से अपनी मातृभाषा के रूप में ‘कुमाउनी’ का चयन एवं उल्लेख करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मातृभाषा की सही पहचान और अभिलेखीकरण उसके संरक्षण, संवर्धन और भविष्य की भाषा संबंधी नीतियों के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक कुमाउनी भाषी परिवार को इस दिशा में जागरूकता के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.