Monday Apr 20, 2026

नीड़ निवासी JCB ऑपरेटर हेमेश कुंवर की मौत

SDM रोड पर सूखीढांग से 7 किमी दूर पातली गांव में काम के सिलसिले में गया था JCB ऑपरेटर

देवभूमि टुडे

चंपावत। सूखीढांग-डांडा-मीडार सड़क पर जेसीबी ऑपरेटर की खाई में गिरने से मौत हो गई। ऑरेटर का शव आज 23 फरवरी की अपरान्ह खाई से बरामद किया गया। रात में पैदल सूखीढांग की ओर आते वक्त संतुलन खोकर वह रास्ते से खाई में गिर गया। पुलिस और SDRF की टीम ने शव को चंपावत मोर्चरी भेज दिया है। इस वाकये से परिवार में कोहराम मच गया है।

 

चंपावत के तल्लादेश नीड़ निवासी (हाल निवासी जीआई मोहल्ला चंपावत) हेमेश कुंवर (24) पुत्र बद्री सिंह कुंवर सूखीढांग-डांडा-मीडार सड़क पर सूखीढांग से 7 किमी दूर पातली गांव में निर्माण कार्य के लिए जेसीबी मशीन लेकर गया था। कल रविवार की देर शाम कार्य के दौरान जेसीबी का फट्टा टूट गया। बताया जा रहा है कि ऑपरेटर काम छोड़़कर पैदल ही सूखीढांग की ओर चला गया। 

सूखीढांग-डाडा-मीडार रोड पर वह संतुलन खोकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। अचानक कार्यस्थल से गायब होने पर उसके साथी व अन्य लोग देर रात तक उसकी खोजबीन करते रहे, लेकिन पता नहीं चला। आज 23 फरवरी की दोपहर में बकरी चुगाने गए स्थानीय व्यक्ति ने ऑपरेटर के शव को खाई में देखा और इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी। घटना की सूचना मिलने के बाद चल्थी चौकी प्रभारी राकेश कठायत  SDRF की टीम के साथ मौके पर रवाना हुए। भारी मशक्कत के बाद शव खाई से निकाला जा सका। पुलिस के मुताबिक रातभर खाई में पड़े होने से ऑपरेटर की मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी लगने पर जेसीबी स्वामी व सभासद रोहित बिष्ट घटना स्थल पर पहुंचे। आज रात शव को चंपावत मोर्चरी लाया गया। चंपावत के कोतवाल बीएस बिष्ट ने बताया कि कल मंगलवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.