चंपावत में शहीदों के बलिदान को नमन कर मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
कलेक्ट्रेट परिसर चम्पावत में गूंजे ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष, ड्रग फ्री देवभूमि का लिया संकल्प
जनता के हित में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन का संकल्प लें विभागीय अधिकारी:DM
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में DM मनीष कुमार ने ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। साथ ही राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर ‘महात्मा गांधी अमर रहें’, ‘जय हिंद’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गूंज उठा। जीजीआईसी की छात्राओं ने देशभक्ति गीत ‘तेरा हिमालय’ एवं ‘मिट्टी के बेटे’ प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।
DM ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद भगत सिंह, राजगुरु, चंद्रशेखर आजाद सहित देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों का त्याग एवं बलिदान सभी को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
CDO डॉ. जीएस खाती ने जिले के शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने कर्तव्यों के प्रति संकल्पित होने का अवसर देता है। उन्होंने जिले के विकास को गति देने के साथ ही गांवों से पलायन रोकने और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया।
ADM केएन गोस्वामी ने कहा कि राष्ट्रीय हित में सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संकल्पबद्ध होकर निर्वहन करना ही राष्ट्र के प्रति सच्ची सेवा है।
परियोजना निदेशक अजय सिंह ने सभी से अपने दायित्वों का मनोयोग एवं जिम्मेदारी के साथ पालन करने का आह्वान किया। सेनानी उत्तराधिकारी महेश चौड़ाकोटी एवं चंद्रमोहन जोशी ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वीर शहीदों को नमन किया। साथ ही ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ के संकल्प के अनुरूप लोगों ने नशामुक्ति की शपथ लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों से बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिए गए संबोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना गया। इस दौरान उनके द्वारा राष्ट्र निर्माण, विकास, जनकल्याण एवं देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों को लेकर दिए गए संदेश को अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुना।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे एसए सिद्दकी ने देशभक्ति से ओत-प्रोत शेरो-शायरी (जमीं पर घर बनाया है मगर जन्नत में रहते हैं, ये हमारी खुशनसीबी है कि हम भारत में रहते हैं।) के माध्यम से कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का संचार किया। कार्यक्रम में एपीडी विम्मी जोशी, डीडीओ देवेंद्र सिंह दिगारी, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल उम्मेद सिंह, एसडीएम बीसी पंत, एसडीएम उज्ज्वल डालाकोटी सहित तमाम अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य मौजूद थे।




सम्मानित हुई ये 4 वीर नारी:
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए वीर माताओं एवं वीर नारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इनमें हरु देवी माता शहीद राहुल रंसवाल (ऑपरेशन विजय), बची देवी माता शहीद सिपाही जगत सिंह (ऑपरेशन रक्षक), पार्वती देवी पत्नी शहीद सिपाही विक्रम सिंह (ऑपरेशन रक्षक) और रूपी देवी पत्नी शहीद सिपाही ज्वाला दत्त (भारत-पाक युद्ध 1971) शामिल रहीं।




सड़क हादसों में सहयोग देने वालों का हुआ सम्मान:
DM मनीष कुमार ने संकट की घड़ी में साहस, मानवता और तत्परता का परिचय देने वाले स्थानीय ग्रामीणों एवं युवाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में खाई में उतरकर झाड़ियों को काटकर रास्ता बनाने वाली रूक्मणि जोशी एवं जानकी देवी, सड़क से करीब 200 मीटर नीचे खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने वाले राकेश जोशी, सूरज जोशी एवं जोगा दत्त भट्ट तथा घायलों को मुख्य मार्ग तक लाने और अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करने वाले भुवन चंद्र जोशी, हिमांशु जोशी, राजेंद्र सिंह, मनोज जोशी एवं चंद्रप्रकाश भट्ट शामिल थे। DM ने सभी के साहस एवं मानवीय संवेदना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।


© 2026. All Rights Reserved.