पूर्णागिरी मार्ग पर बाटनागाड़ सहित कई नालों में पानी बढ़ा
चरण मंदिर के पास चट्टान और मलबा गिरने से टनकपुर-जौलजीबी सड़क बंद
लगातार बारिश के बावजूद चंपावत जिले के दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुचारू है वाहनों का आवागमन
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले के अधिकांश हिस्सों में सुबह से लगातार बारिश है। बीती रात के बाद आज 6 सितंबर की सुबह हुई बारिश से भले ही अधिकांश सड़कें खुली हो, लेकिन जन-जीवन पर बारिश का असर पड़ा है। सुबह 8 बजे तक सबसे ज्यादा बारिश मैदानी क्षेत्र टनकपुर में हुई। बारिश के बावजूद टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित दोनों एनएच पर वाहनों का आवागमन सुचारू है। वहीं पूर्णागिरी मार्ग पर बाटनागाड़ सहित कई नालों में पानी बढ़ने से खतरा बना हुआ है। पुलिस इन स्थानों पर निगरानी रखे हुए हैं।


जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक टनकपुर-जौलजीबी (निमार्णाधीन) सड़क फिर बंद हो गई है। यह सड़क कल भी बंद हुई थी, जिसे लोक निर्माण विभाग ने शाम 5 बजे खोल दिया था। लेकिन चरण मंदिर के पास कमोबेश लगातार आ रहे मलबे ने मुश्किल पैदा की है। लोनिवि के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत का कहना है कि टीजे रोड पर चरण मंदिर के पास चट्टान और मलबे से खतरा बना हुआ है। रोड को खोलने के लिए मशीनें लगाई गई हैं। वहीं टीजे रोड एक पखवाड़े से भी कम समय में चौथी बार बंद हो गई है। इससे कलढूंगा, चूका, सीम, खेत सहित नेपाल सीमा से लगे कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है।
चंपावत जिले में कितनी बारिश सुबह 8 बजे तक (6 सितंबर का आकड़ा):
चंपावत: 10.50 मिलीमीटर
लोहाघाट: 04.00 मिलीमीटर
पाटी: 05.00 मिलीमीटर
टनकपुर: 80.00 मिलीमीटर
बनबसा: 30.00 मिलीमीटर
© 2026. All Rights Reserved.