Tuesday May 19, 2026

बनबसा नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों ने EO को ज्ञापन दे मानदेय बढ़ाने की मांग की

मांग पूरी न होने पर जून से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की चेतावनी

देवभूमि टुडे

चंपावत/बनबसा। चंपावत जिले के प्रवेशद्वार बनबसा के नगर पंचायत में कार्यरत मोहल्ला स्वच्छता समिति एवं आउटसोर्सिंग पर्यावरण मित्र कर्मचारियों ने अधिशासी अधिकारी दीपक बुढ़लाकोटी को ज्ञापन सौंपकर 805 रुपये प्रतिदिन मानदेय एवं एरियर भुगतान किए जाने की मांग उठाई। कहा कि देहरादून नगर निगम एवं उत्तरकाशी नगर पालिका में मोहल्ला स्वच्छता समिति एवं आउटसोर्सिंग के पर्यावरण मित्रों को 805 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय दिया जा रहा है, उसी तर्ज पर बनबसा नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों को भी मानदेय दिया जाए। साथ ही पूर्व से लंबित एरियर का भुगतान भी शीघ्र किया जाए। 

कहा कि चार मई को भी इसी मांग को लेकर नगर पंचायत प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अभी तक कर्मचारियों की मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पर्यावरण मित्रों ने चेतावनी दी कि यदि मई में उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो अगले माह से पर्यावरण मित्र अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में नगर अध्यक्ष प्रमोद रत्नाकर, नगर महामंत्री अरुण वाल्मीकि, कार्यकारी अध्यक्ष राजन, संरक्षक राजपाल, विजयपाल, नन्हें लाल, उपाध्यक्ष अभिषेक, कोषाध्यक्ष राजा वाल्मीकि, प्रचार मंत्री निखिल सहित अर्जुन, नीरज, महेंद्र पाल, नीलम, लक्ष्मी, रजनी, सोनी, सोनू, सानू आदि पर्यावरण मित्र शामिल थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.