Thursday Nov 5, 2026

लोहाघाट के सुई डूंगरी गांव में घर के पास से 13 वर्षीय किशोर को खींच कर ले गया गुलदार

3 घंटे बाद घर के पास मिला बच्चे का शव

परिवार में कोहराम, इकलौते बेटे की मौत से बेसुध हुए माता-पिता

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट क्षेत्र में गुलदार ने घर से बमुश्किल 40 मीटर दूर से एक किशोर को मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता बेसुध पड़े हुए हैं। क्षेत्र के दहशतजदा लोग इस वाकये से सन्न हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को भी गुस्से का सामना करना पड़ा। अस्पताल पहुंचे डीएम मनीष कुमार ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और गश्त करने के वन महकमे को निर्देश दिए। DM अस्पताल के बाद वन विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर गए।

4 नवंबर की देर शाम करीब 6:30 बजे गुलदार लोहाघाट के सुई डूंगरी गांव में घर के पास से 13 वर्षीय हिमांशु पुजारी पुत्र गंगादत्त पुजारी को उठा ले गया। ग्रामीणों के मुताबिक बच्चा मेला देखकर घर की ओर जा रहा था। तभी घर से करीब 40 मीटर की दूरी पर घात लगाए बैठे गुलदार ने हिमांशु पर हमला कर दिया और उसे खींच कर ले गया। जब काफी देर तक हिमांशु घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू की। करीब 9:30 बजे हिमांशु का शव घर से करीब 40 मीटर दूर खेतों में मिला। हिमांशु को आननफान में लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उसने दम तोड़ दिया था। गुलदार ने हिमांशु के पेट और जांघ को बुरी तरह खाया हुआ था। इस वाकये से ग्रामीणों में दहशत के साथ नाराजगी है।

2 बहनों का इकलौता भाई था हिमांशु:

ग्रामीणों के मुताबिक 7वीं में पढ़ने वाला हिमांशु दो बहनों का इकलौता भाई है। आज हिमांशु ट्यूशन न जाकर रायकोट मेला देखने गया था। और लौटते वक्त यह दुखद वाक्या हो गया।

गम और गुस्से में हैं ग्रामीण:

ग्रामीणों का कहना है कि बीते कई दिनों से गुलदार गांव के आसपास नजर आ रहा था। वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिजड़ा लगाने की मांग की गई थी, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। सूचना पर अस्पताल पहुंचे वन कर्मियों को  ग्रामीणों की नाराजगी का सामना भी करना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग की है।

अध्यक्ष अधिकारी ने मदद का भरोसा दिलाया:

सूचना पर अस्पताल पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने घटना की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया। एवं आगे से ऐसे घटना ना हो, इसके लिए वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी ने गुलदार को पकड़ने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

 

 

 

 

 






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.