एक पिंजरे को शिफ्ट कर वन पंचायत के जंगल में लगाया गया
लोहाघाट रेंज के सुंई पऊ के डुंगरी में किशोर को मारने वाले गुलदार का अतापता नहीं
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट रेंज के सुंई पऊ के डुंगरी में गुलदार के हमले में 4 नवंबर की रात 13 वर्षीय हर्षित पुजारी की मौत के बाद से क्षेत्र में दहशत है। वन विभाग की टीम गुलदार की तलाश में गश्त कर रही है। उसे कैद करने के लिए 7 पिंजरे लगाए गए हैं, इसके अलावा गुलदार की गतिविधियों पर 12 कैमरा ट्रैप तथा 3 लाइव कैमरों से रखी जा रही है। लेकिन इतनी कवायद के बाद भी गुलदार का पता नहीं चल सका है।
गुलदार को पकड़ने की वन विभाग की तमाम कवायद कामयाबी से दूर है। विभाग ने गश्त बढ़ाने के साथ ही क्षेत्र के विभिन्न स्थानाें पर 7 पिंजरे और 12 कैमरे, 3 वाईकाई कैमरे और ट्रेंकुलाइज करने के लिए टीम मुस्तैद की है। लेकिन इसके बावजूद घटना के एक हफ्ते बाद भी हाथ खाली हैं। वन क्षेत्राधिकारी रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि एक पिंजरे को शिफ्ट कर वन पंचायत के जंगल की ओर कर दिया गया है। यह वही स्पॉट है, जहां 8 नवंबर को गुलदार की लॉकेशन ट्रैस हुई थी। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। ग्रामीणों को गुलदार से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

बाराकोट क्षेत्र में भी लगाए 4 पिंजरे:
चंपावत/बाराकोट। बाराकोट के गुलदार प्रभावित डोबाभागू, गल्लागांव, रैघाड़ी और सुंगरखाल क्षेत्रों में भी वन विभाग ने 4 पिंजरे लगाए हैं। रेंजर नंदकिशोर पंत के मुताबिक विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और गुलदार से बचाव करने के उपाय बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की बढ़ती गतिविधियों से बच्चों को स्कूल भेजने और महिलाओं को जंगल से चारा-पत्ती लाने में भी डर सता रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है।
© 2026. All Rights Reserved.