चंपावत जिले में बिजली लाइन भी कई जगह टूटी
चामी में अंधड़ से मां भगवती मंदिर परिसर को नुकसान
बिसराड़ी में आंधी तूफान से ग्रामीण के मकान की छत उड़ी
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट/बाराकोट। अंधड़ और तेज हवा से चंपावत जिले में कई जगह नुकसान हुआ है। बाराकोट के चामी चौमेल में दोपहर बाद आए अंधड़ से मां भागवती मंदिर परिसर में काफी नुकसान पहुंचा है।
चामी के पूर्व ग्राम प्रधान प्रकाश महर ने बताया कि रविवार को आए अंधड़ के बाद मां भगवती मंदिर परिसर में दो विशालकाल चीड़ के पेड़ गिरने से मंदिर के मुख्य गेट और रेलिंग को भारी नुकसान पहुंचा है। जिसमें बिजली की मुख्य केबिल भी टूट गई है। बिजली की केबिल टूटने से गांव में बिजली गुल हो गई है। इसके साथ अंधड़ से गांव में भी छुटपुट नुकसान हुआ है।

वहीं बाराकोट के बिसराड़ी में आए आंधी तूफान से ग्रामीण सोनू नाथ और गंगा नाथ के मकान की छत उड़ गई। इस दौरान सोनू नाथ के छोटे छोटे बच्चे और उसकी पत्नी ने किसी तरह भाग कर जान बचाई। बाराकोट के पूर्व ब्लॉक उप प्रमुख नंदा बल्लभ बगौली ने बताया कि अंधड़ से उनके घर का सारा सामान पानी में भीग गया। टीन के उड़ने से उनके घर का सारा सामान, बिस्तर और खाने की सामग्री और बच्चों के कपड़े सहित सारा सामान भीग गया। वहीं बिशुंग क्षेत्र में एक पेड़ धराशायी हो गया। अंघड़ से कई जगह बिजली की लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई। इससे लोहाघाट क्षेत्र में कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित हुई। उप खंड अभियंता संजय भंडारी ने बताया कि विभागीय टीम क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत में जुटी है।


© 2026. All Rights Reserved.