जिला नियोजन समिति के नगरीय क्षेत्र के निर्वाचन क्षेत्र के अनंतिम परिसीमन से सामने आई तस्वीर
BJP के वरिष्ठ नेता एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय ने लगाई आपत्ति, आज होगी सुनवाई
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले की DPC (जिला नियोजन समिति) में नगरीय क्षेत्र से 2 सदस्य निर्वाचित होंगे। 5 नगर निकायों में से एक निकाय टनकपुर पालिका से 1 सदस्य और शेष चार (2 नगर पालिका व 2 नगर पंचायत) निकायों से दूसरा सदस्य चुना जाएगा। इसमें न वार्ड संख्या का संतुलन है, न मतदाताओं की संख्या का, नहीं नगर निकायों की संख्या का और नहीं भौगोलिक संतुलन का। 1 सीट महज 2 किलोमीटर दायरे में है, तो दूसरी सीट 142 किमी के दायरे में। 1 सीट में महज 11 वार्ड और 21484 की आबादी, तो दूसरे में 27 वार्ड और 29042 की आबादी। DPC के नगर निकायों के लिए निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण की अनंतिम परिसीमन में 10 जुलाई को ये तस्वीर सामने आई है। कल 11 जुलाई को आपत्तियों को दर्ज कराने की समय सीमा के बाद आज 12 जुलाई को सुनवाई होगी।

DPC के गठन में नगर निकाय से प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण को लेकर ऐसी ही एक आपत्ति दर्ज कराई गई है। BJP के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय ने कर 11 जुलाई को यह आपत्ति दर्ज कराते हुए संशोधन का आग्रह किया है। उन्होंने क्षेत्रीय संतुलन एवं सीटों के संतुलन के दृष्टिगत टनकपुर और बनबसा को 1 सीट एवं पहाड़ की तीन नगर निकाय चंपावत, लोहाघाट व पाटी को 1 सीट बनाने का सुझाव दिया है। एडवोकेट पांडेय के इस फार्मूले से 1 सीट में 18 व दूसरी सीट में 20 सदस्य होंगे। साथ ही पहाड़ व मैदान का तर्कपूर्ण संतुलन भी हो सकेगा।
इस आपत्ति पर आज 12 जुलाई को जिलाधिकारी मनीष कुमार सुनवाई करेंगे। कल 13 जुलाई को शासन स्तर पर अंतिम परिसीमन का प्रकाशन किया जाएगा। DPC में नगर निकार्यों के अलावा 15 वार्ड वाले जिला पंचायत से 14 निर्वाचन क्षेत्र बनाए गए हैं।
© 2026. All Rights Reserved.