Saturday Jun 6, 2026

नंधौर के एसडीओ के नेतृत्व में छकाता रेंज के अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

हल्द्वानी वन प्रभाग के टनकपुर में एक टाल से बरामद हुआ अवैध लकड़ी का जखीरा

बरामद लकड़ी वन निगम की लौट से आई

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। टनकपुर में अस्पताल रोड के पास की एक टाल से भारी मात्रा में अवैध लकड़ी बरामद हुई है। यह लकडिय़ां जमीन खोदकर छुपाई गई थी। बरामद लकड़ी की सटीक संख्या का वन विभाग ने अभी खुलासा नहीं किया है, लेकिन 63 से अधिक लट्ठे अब तक बरामद होने की तस्दीक हुई है। अधिकतर लकड़ियां सागौन की है। कल पर्यावरण दिवस 5 जून की शाम से शुरू हुई कार्रवाई आज 6 जून की दोपहर तक चलती रही। शुरुआत में संबल, फावड़े आदि से जमीन के नीचे छुपाई लकड़ी निकाली गई और आज जेसीबी मशीन के जरिए लकड़ियों को निकाला गया। बताया गया है कि आरोपित टाल व्यवसाई को विभाग ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। अलबत्ता वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि समूची कार्रवाई पूरी होने के बाद जानकारी दी जाएगी।

टनकपुर में जारी कारवाई।

क्या कहते हैं अधिकारी:

कल शाम से टनकपुर में शुरू कार्रवाई में अवैध लकड़ी बरामद हुई है। लेकिन अभी कार्रवाई चल रही है, इसलिए आधिकारिक रूप से अभी पूरा ब्योरा दिया जाना संभव नहीं है। इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। शुरुआती जांच में बरामद माल वन विकास निगम की लौट से आया है। इस दिशा में भी जांच की जा रही है।

कुंदन कुमार,

प्रभागीय वनाधिकारी, हल्द्वानी।

बेखबर रहा टनकपुर रेंज?

भारी मात्रा में अवैध लकड़ी की बरामदगी हुई, लेकिन इस चोरी का पर्दफाश टनकपुर रेंज ने नहीं किया। हल्द्वानी डिवीजन से इसके लिए अलग से टीम भेजी गई। नंधौर के उप प्रभागीय वनाधिकारी गणेश जोशी के नेतृत्व में छकाता रेंज के अधिकारी-कर्मचारियों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जिस जगह से अवैध लकड़ी बरामद हुई, वह नगरीय क्षेत्र का हिस्सा है। लेकिन शारदा रेंज को अवैध धंधे के इतने बड़े कारनामे की कानोंकान खबर नहीं थी या मामला कुछ और था? हो चाहे जो भी, दोनों ही मामलों में रेंज की निष्क्रियता और विफलता तो ये है ही। इस मामले में रेंजर सुनील शर्मा को फोन किया लेकिन फोन रिसीव नहीं होने से विभागीय पक्ष का पता नहीं चल सका।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.