वन विभाग की कार्रवाई में टनकपुर शारदा रेंज से सागौन के 6 लट्ठे दबोचे गए
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। जब कोई सरकारी अमला अवैध गतिविधि को पकड़े, लेकिन फिर भी मामले को सार्वजनिक न करे, ऐसा कम होता है। इस बार चंपावत जिले के शारदा रेंज में ऐसा ही हुआ है। वन महकमे ने अवैध लकड़ी पकड़ी। वाहन भी सीज किया, लेकिन पूछे जाने पर विभाग के अधिकारी बताने के बजाय जानकारी देने के बजाय गोपनीयता बरतने में लगे रहे। बस इतना भर कहा कि घटना हुई है और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।



भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेंज क्षेत्र में टनकपुर-ठुलीगाड़ मार्ग पर वन कर्मियों ने एक पिकअप से अवैध रूप से ले जाए जा रहे लट्ठे बरामद किए गए। विभाग के कर्मियों ने वाहन चालक से पूछताछ की, लेकिन लट्ठों से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं दिखाए जाने पर पिकअप जीप को वन कार्यालय ले जाया गया। जीप में सागौन के 6 लट्ठे थे। बताया गया है कि लट्ठों सहित जीप को भी सीज कर दिया गया है। इस संबंध में शारदा रेंज की रेंजर से पूछने पर उन्होंने कोई भी जानकारी देने से इनकार किया। अलबत्ता घटना होने की तस्दीक की है, मगर उसकी डिटेल नहीं दी गई। सूत्र बताते हैं कि इन लट्ठों का संबंध सरकारी विभाग के एक अधिकारी से है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
क्या कहते हैं वन अधिकारी:
मैं घटना के बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकती हूं। बस इतना कि घटना हुई है। पूरे मामले की जानकारी डिवीजन के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
मेधा सिंह,
वन क्षेत्राधिकारी, शारदा रेंज।
© 2026. All Rights Reserved.