खटीमा रेंज के टनकपुर आमबाग क्षेत्र की एक टाल पर छापेमारी के दौरान पकड़ी गई 40 नग लकड़ी
वन विभाग की एसओजी टीम की कारवाई
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। वन विभाग की एसओजी टीम ने टनकपुर क्षेत्र से अवैध चिरान की लकड़ी बरामद की है। ये क्षेत्र वन प्रशासन के लिहाज से तराई पूर्वी वन प्रभाग एवं खटीमा रेंज के अंतर्गत आता है।


आज 12 नवंबर को एसओजी प्रभारी नवीन रेंकवाल के नेतृत्व में खटीमा रेंज के टनकपुर आमबाग क्षेत्र की एक टाल पर छापेमारी की गई। इस दौरान मौके से आसपास के क्षेत्र में काली पन्नी से ढके हुए साल प्रजाति की 40 नग लकड़ी बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान खटीमा रेंज के संबंधित स्टाफ को मौके पर बुलाया गया और बरामद अवैध चिरान को जब्त किया गया। प्रकरण में वन विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसओजी के मुताबिक टाल स्वामी ने रवन्ना व अन्य कागजात प्रस्तुत किए हैं, लेकिन लकड़ी अवैध रूप से रखी गई थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है। टीम में वन दरोगा कृष्ण चंद्र शर्मा, नवीन बरोलिया ललित बिष्ट, सीजी गोस्वामी आदि शामिल थे।
© 2026. All Rights Reserved.