Monday Sep 14, 2026

पुलिस थाने से 300 मीटर दूर अवैध निर्माण रोकने गई जिला पंचायत की टीम को रोका, नोकझोंक भी हुई

जिला पंचायत ने बनबसा के अवैध निर्माण पर चस्पा किया नोटिस

देवभूमि टुडे

चंपावत/बनबसा। अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर प्रदेश सरकार सख्त रवैया अपना रही है। ऐसे निर्माण को तुड़वा रही है, अतिक्रमण को खाली करवा रही है। लेकिन वहीं जिले के प्रवेशद्वार बनबसा में पुलिस थाने से बमुश्किल 300 मीटर दूर की सरकारी जमीन पर रातोंरात अवैध निर्माण कर दिया गया। और इस निर्माण को अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी के नेतृत्व में तुड़वाने गई जिला पंचायत की टीम को भी रोका गया। टीम  मायूस लौट आई। अलबत्ता जिला पंचायत ने नोटिस चस्पा कर दिया।

चंपावत से 88 किलोमीटर दूर सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनबसा बस स्टेशन के पास जिला पंचायत की जमीन पर रातोंरात अवैध निर्माण किया गया है। जिला पंचायत का कहना है कि ओम प्रकाश नाम के व्यक्ति को पंचायत ने दुकान किराए पर दी थी, लेकिन पिछले कई वर्षों से इस दुकान का संचालन कृष्णानंद कापड़ी कर रहा है। आरोप है कि दुकान के पीछे सरकारी जमीन में अवैध निर्माण कर कल 12 सितंबर की छुट्टी का लाभ उठाते हुए रातोंरात पक्की छत डाल दी गई। 

नोटिस।

जानकारी मिलने पर AMA के नेतृत्व में जिला पंचायत की टीम आज 13 सितंबर को मौके पर पहुंची। जिला पंचायत घंटों की मशक्कत और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया जा सका। इस दौरान कई बार नोंकझोंक की नौबत भी आई। जिला पंचायत द्वारा जारी नोटिस भी तामील नहीं हो सका। थकहार कर पंचायत ने नोटिस को अवैध निर्माण वाली दीवार पर चस्पा कर दिया। बनबसा के राजस्व उप निरीक्षक के अलावा जिला पंचायत की टीम में कार्याधिकारी प्रेमा कोहली, प्रशासनिक अधिकारी किशन राम, मनोज कुमार, चंद्रशेखर पाटनी शामिल थे।

क्या कहते हैं अधिकारी:

अवैध निर्माण की जानकारी मिलने पर विभाग के कर्मी को कल 12 सितंबर को मौके पर भेज काम रोकने को कहा गया था। आज जिला पंचायत की टीम  मौके पर पहुंची लेकिन अवैध निर्माण कराने वाले कृष्णानंद कापड़ी ने अवैध निर्माण तोड़ने नहीं दिया। इस व्यक्ति द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का पहले भी कई बार प्रयास किया गया है। अवैध निर्माण करने वाले कृष्णानंद कापड़ी ने नोटिस लेने से इनकार किया। जिस पर आज 13 सितंबर को नोटिस चस्पा कर दिया गया है।

अनिल जोशी,

अपर मुख्य अधिकारी,

जिला पंचायत, चंपावत।

AMA अनिल जोशी।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.