अमरनाथ यात्रा ड्यूटी में तैनात पाटी ब्लॉक के रमक गांव के मूल निवासी
मनोज अटवाल की एकाएक मौत
परिवार में कोहराम, आज शाम तक शव पहुंचने की संभावना
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिले के पाटी ब्लॉक के रमक गांव के मूल निवासी ITBP (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के जवान मनोज अटवाल की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। वे अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी में थे। एकाएक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है। वर्तमान में वे ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता में रहते थे।
अमरनाथ यात्रा ड्यूटी में तैनात ITBP के जवान मनोज अटवाल (23) का कल 28 जून को जम्मू में अमरनाथ यात्रा ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। बताया गया कि ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और ह्दयगति रुकने से उनका निधन हो गया। मौत होने की खबर से परिवार में कोहराम मचा है। गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जवान की असमय मौत से माता-पिता, पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों का कहना है कि मनोज अटवाल की शादी करीब एक से डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। उनके परिवार में सात माह का एक मासूम बेटा है। मनोज अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, सात माह के बेटे और दादा को छोड़ गए हैं। जवान की असमय मृत्यु से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। रमक गांव में जवान की मौत की खबर पहुंचने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीण और क्षेत्रवासी परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। हर किसी की आंखें नम हैं और लोग युवा जवान की असमय मौत पर दुख व्यक्त कर रहे हैं। ITBP जवान मनोज अटवाल का पार्थिव शरीर आज शाम तक नानकमत्ता पहुंचने की संभावनाहै।
© 2026. All Rights Reserved.