Saturday Jul 25, 2026

नेपाल सीमा से लगे लोहाघाट विकासखंड के निडिल खेत में शॉर्ट सर्किट से आवासीय भवन में लागी आग

नकरी के अलावा कई लाख रुपए का सामान जलकर राख

निडिल खेत गांव में आग लगने से जला सामान।

देवभूमि टुडे

चंपावत/निडिल। नेपाल सीमा से लगे लोहाघाट विकासखंड क निडिल खेत गांव में एक आवासीय मकान में आग लग गई। आग से कई लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।

 

निडिल खेत निवासी गगन सिंह पुत्र दान सिंह के घर में बृहस्पतिवार को उस समय आग लगी, जब परिवार के सदस्य घास काटने और मवेशियों को चराने गए हुए थे। मकान से धुआं उठता देख परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन इमारती लकड़ी से बने मकान में आग तेजी से फैल चुकी थी। ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा बिस्तर, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, खाद्यान्न सहित सामान के अलावा और नकदी जलकर राख हो चुका था।

पीड़ित गगन सिंह ने बताया कि घटना की सूचना ग्राम प्रधान मनोज सिंह सामंत एवं राजस्व उप निरीक्षक को देने के साथ आज शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र के जरिए दे दी गई है। उनका कहना है कि अब तक प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन करने के लिए कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। ग्रामीण हीरा सिंह, मोहिनी देवी, नंदा देवी समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.