लोहाघाट में राज्य आंदोलनकारी एडवोकेट नवीन चंद्र मुरारी के आवासीय भवन में लगी आग
स्थानीय नागरिकों एवं अग्निशमन ने किया काबू, बड़ा नुकसान बाल-बाल बचा
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट में स्टेशन बाजार के नजदीक आज 17 जून की सुबह एक आवासीय भवन में आग लग गई। आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों और अग्निशमन कर्मियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।



जानकारी के अनुसार टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोहाघाट में स्थित जगदंबा पुस्तक भंडार के द्वितीय तल पर बने राज्य आंदोलनकारी एडवोकेट नवीन चंद्र मुरारी, जिला शासकीय अधिवक्ता भास्कर मुरारी और पूर्व सैनिक रमेश चंद्र मुरारी के आवासीय भवन के बैठक कक्ष में सुबह करीब 6 बजे एकाएक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। सोफा सेट, फर्नीचर एवं शादी के लिए रखा गया कई सामान जल गया।
आसपास के लोगों ने मकान से उठती आग की लपटें देख तत्काल मौके पर पहुंचकर घर के भीतर फंसे लोगों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला। आग बुझाने के प्रयास में जिला शासकीय अधिवक्ता भास्कर मुरारी आंशिक रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग अन्य हिस्सों में नहीं फैली, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पीड़ित परिवार से दूरभाष पर वार्ता कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
© 2026. All Rights Reserved.