लोहाघाट अस्पताल में ऑक्सीजन सर्पोट में रखी बुजुर्ग महिला की जनरेटर चलने में देरी से गई जान-परिजनों का आरोप
कहा-अच्छा इलाज मिलने के बावजूद बिजली बाधित होने पर जनरेटर चलाने में हुई देरी
लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने सरकार को घेरा
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट उप जिला अस्पताल में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गंभीर रूप से बीमार नंदा देवी को ऑक्सीजन सर्पोट में रखा गया था, लेकिन बिजली बंद होने से जनरेटर चलाने में देरी की गई। जिस कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
लोहाघाट के सुई पऊ गांव की नंदा देवी (76) पत्नी ईश्वरी दत्त पिछले एक माह से बीमार थी। उन्हें कल 3 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया। हालत को देखते हुए महिला को ऑक्सीजन सपोर्ट में रखा गया था। अस्पताल में ठीकठाक इलाज मिल रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि आज 4 जुलाई की सुबह एकाएक अस्पताल की बिजली गुल हो गई और जनरेटर चलाने में देरी हुई। जिस कारण उन्होंने दम तोड़ दिया। कहा कि जनरेटर चलाने को लेकर बुजुर्ग महिला के बेटे ने अस्पताल कर्मी से कई बार अनुरोध भी किया। दो कर्मचारियों से गुहार लगाई, किसी ने कोई बहाना बनाया किसी ने डीजल नहीं होने की बात कही। ऐसे में ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने से उनकी मौत हो गई।

मामले की जानकारी मिलते ही लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी फौरन अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। विधायक ने कहा आज मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल के 5 साल पूरा होने का भाजपा जोरदार जश्न मना रही है, वहीं लोहाघाट अस्पताल में जनरेटर नहीं चलने से मरीज ऑक्सीजन की कमी से दम तोड़ रहे हैं। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की नाकामी बताया। कहा कि अस्पताल में चिकित्सक बेहतर काम कर रहे हैं, पर सरकार के द्वारा अस्पताल में सुविधाओं की कमी से मरीजों को दिक्कत आती है। विधायक अधिकारी ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ कागजों पर वाहवाही लूट रही है। घटना के बाद अस्पताल में सीडीओ डॉ. जीएस खाती और सीएमओ डॉ. देवेश चौहान मौके पर पहुंचे।

क्या कहते हैं अधिकारी:
अस्पताल के जनरेटर में पर्याप्त डीजल था और जनरेटर भी ठीक हाल में था। लेकिन कर्मचारी ने जनरेटर चलाने में देरी की। प्रथमदृष्ट्या कर्मचारी की गलती प्रतीत होती है। जांच के बाद जरूरी कार्रवार्ई की जाएगी।
डॉ. विराज राठी,
मुख्य चिकित्साधीक्षक,
उप जिला अस्पताल, लोहाघाट।
© 2026. All Rights Reserved.