Friday Aug 28, 2026

धूरा में मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव हुआ लेकिन धूरा छात्र-छात्राओं को नहीं मिल सका जीआईसी

धूरा में मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव के बीच ग्रामीणों ने उठाए सवाल

धूरा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के उच्चीकरण का CM ने 2022 में किया था ऐलान

देवभूमि टुडे

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज 27 अगस्त को 6296.87 लाख रुपये की 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। धूरा में हुए मुख्यमंत्री सशक्त बहना कार्यक्रम में महिलाओं ने सीएम को राखी बांधी। मुख्यमंत्री की ओर से भी बहनों को उपहार दिए गए। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लागूू अनेकों योजनाओं की भी जानकारी दी गई। लेकिन धूरा क्षेत्र के लोगों में एक कसक रह गई। और वह धूरा को जीआईसी नहीं मिलने का।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गांव धूरा क्षेत्र के लोग की तमन्ना अपने बच्चों को अपने गांव के पास के विद्यालय में हाईस्कूल से आगे की पढ़ाई करने की थी। लेकिन उनकी यह आस 4 साल से अधूरी है। धूरा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को उच्चीकृत करने का ऐलान खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 31 अगस्त 2022 को टनकपुर में 6 अन्य विद्यालयों के साथ किया था। इनमें 3 स्कूलों का उच्चीकरण भी हुआ, लेकिन धूरा सहित 4 राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उच्चीकृत नहीं हो सके। उच्चीकरण नहीं होने से क्षेत्र के लोग मायूस हैं।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष महेश चंद्र चौड़ाकोटी का कहना है कि धूरा, बयाला, चौड़ाकोट, गाजर, खकराली आदि गांवों के बच्चों को हार्ईस्कूल से आगे की पढा़ई के लिए 3 से 5 किलोमीटर की दौड़ लगानी पड़ रही है। मुख्यमंत्री घोषणा अगर साकार होती और धूरा हाईस्कूल को उच्चीकृत कर जीआईसी बनता, तो इस दुश्वारी से निजात मिलती।

 

 

क्या कहते हैं सियासी नेता:

धूरा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को उच्चीकृत करने की मुख्यमंत्री ने टनकपुर से 4 साल पूर्व घोषणा की थी। लेकिन इस घोषणा को पूरा नहीं करना क्षेत्र के लोगों के साथ छलावा है। विद्यालय का उच्चीकरण नहीं होने से छात्राएं प्रभावित हो रही हैं।

सतीश पांडेय,

प्रदेश सचिव, कांग्रेस

धूरा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के उच्चीकरण की राह में तकनीकी अड़चन आ रही है। यह विद्यालय उच्चीकरण के लिए जरूरी मानक पूरा नहीं कर पा रहा है। इसलिए धूरा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उच्चीकृत नहीं हो पा रहा है।

मुकेश कलखुड़िया,

जिला महामंत्री, भाजपा

 




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.