स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांव आमखर्क के लोगों की रोड की मुराद जल्द होगी पूरी
3 जून 2023 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की थी रोड की घोषणा
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत के सूखीढांग बृजनगर क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांव आमखर्क के लोगों की सड़क का सपना अब जल्द ही सच होने जा रहा है। इस सड़क की राह की सबसे बड़ी अड़चन वन आपत्ति दूर हो चुकी है।
डेढ़ किलोमीटर की इस सड़क की घोषणा 3 जून 2023 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की थी। सड़क की अड़चन को दूर करने में जिलाधिकारी मनीष कुमार की ओर से की गई त्वरित कार्रवाई की बड़ी भूमिका है। इस प्रयासों का सम्मान करते हुए आज 27 अक्टूबर को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी कल्याण समिति ने DM मनीष कुमार का अभिनंदन किया है।
सूखीढांग क्षेत्र का आमखर्क गांव 4 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों (पंडित रामचंद्र चौड़ाकोटी, बेनीराम चौड़ाकोटी, पदमादत्त चौड़ाकोटी और बची सिंह राना) की धरती है। लेकिन आजादी के 79 साल बाद भी यहां सड़क नहीं है। सड़क नहीं होने से बृजनगर से आमखर्क तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को डेढ़ किमी पैदल जाना पड़ रहा है। इससे बुजुर्गों, बच्चों एवं बीमार लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। लेकिन अब जल्द ही इन तमाम दुश्वारियों से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। कार्यदाई एजेंसी ग्रामीण निमार्ण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील दत्ताल के मुताबिक सड़क की वन अनापत्ति मिल गई है। अब जल्द ही निविदा निकाल रोड कटिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा।



सेनानी कल्याण समिति ने किया DM का अभिनंदन:
चंपावत। आमखर्क सड़क के लिए कई दशक से मुखर आवाज आमखर्क गांव के निवासी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष महेश चंद्र चौड़ाकोटी का कहना है कि तीन साल से मंजूर सड़क का काम शुरू होने में वन अनापत्ति सबसे बड़ी अड़चन बन रही थी। लेकिन अब वन अनापत्ति मिलने से रोड का काम शुरू हो सकेगा। चौड़ाकोटी ने कहा कि CM पुष्कर सिंह धामी के अलावा DM मनीष कुमार ने इस बाधा को दूर करवाने में अहम भूमिका निभाई है। क्षेत्र के ग्रामीणों की पीड़ा को समझा है। उनके इन प्रयासों से रोड का सपना पूरा होने जा रहा है। DM को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करने वालों में महेश चंद्र चौड़ाकोटी, दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष देवीदत्त जोशी और भाजपा नेता सुरेंद्र बोहरा शामिल थे। DM मनीष कुमार ने कहा कि जन समस्याओं का निस्तारण, गांवों का बुनियादी विकास एवं आधरभूत ढांचे को सशक्त करना सरकार और प्रशासन की प्रथम प्राथमिकता है।
© 2026. All Rights Reserved.