Wednesday Apr 22, 2026

नामचीन लौहशिल्पी अमित कुमार को CM धामी ने उत्तरायणी कौथिग में किया सम्मानित

परंपरागत तरीके के साथ आधुनिक तकनीक का समावेश कर बर्तनों को टिकाऊ व खूबसूरत बना रहे अमित कुमार

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। उत्तराखंड के नामचीन लौह शिल्पी लोहाघाट ग्रॉथ सेंटर के अमित कुमार के हुनर का सम्मान हुआ है। उन्हें 5 से 8 फरवरी तक देहरादून परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तरायणी कौथिग (मेले) में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

अमित कुमार को सम्मानित करते CM पुष्कर सिंह धामी।

 

 

लोहे के काम को नए मुकाम पर पहुंचाने वाले अमित कुमार द्वारा  उत्तरायणी मेले में लोहाघाट ग्रॉथ सेंटर की ओर से लगाए गए स्टॉल का सीएम ने निरीक्षण किया था। इस दौरान सीएम ने लोहे के खूबसूरत बर्तनों की गुणवत्ता और शिल्पकला को समूचे प्रदेश में पहुंचाने के लिए पीठ थपथपाई। अमित ने मुख्यमंत्री की पत्नी और संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक गीता धामी को लौहे से निर्मित उनकी फोटो भेंट की। लौह शिल्पी अमित कुमार और उनकी टीम ने स्टॉल में लोहे की कढ़ाई, तवा, फ्राई पैन, इंडक्शन कढ़ाई सहित कई बर्तन प्रदर्शित किए थे।

अपने पिता से लोहे का पुश्तैनी व्यवसाय की बारीकियां सीख अमित ने परंपरागत तरीके के साथ आधुनिक तकनीक का समावेश कर बर्तनों को न केवल टिकाऊ बनाया, बल्कि खूबसूरत भी बनाया। वर्ष 2004 में लोहाघाट शरदोत्सव में पहली बार लोहे के बर्तनों की प्रदर्शनी लगाने से शुरू उद्यमिता का सफर  देहरादून, दिल्ली, नोएडा, मुंबई, पंजाब, जौलजीबी, बरेली, गाजियाबाद, सरस मेला, लघु उद्यम मेले होते हुए अनवरत जारी  है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.