उच्च न्यायालय के फैसले के 1 दिन बाद लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी बोले
कहा-सत्य और न्याय की जीत के साथ जनता की मोहर पर भी विश्वास लगी
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। भले ही मैने चुनाव मार्च 2022 में जीता था, लेकिन मैं अपने आप को आज विधायक समझ रहा हूं। 18 नवंंबर को उच्च न्यायालय का फैसला पक्ष में आने के 1 दिन बाद लोहाघाट के कांग्रेस के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की ये टिप्पणी थी। आज 19 नवंबर को उन्होंने अपने आवास में हुई पत्रकार वार्ता में कहा कि अंतत: इंसाफ की जीत हुई है। उन्होंने इस फैसले को सत्य और न्याय की जीत बताया। कहा कि ये जीत उस जनता की है, जिसने उन्हें 2022 में 6 हजार से अधिक वोटों से विजयी बनाया था। इस फैसले से वे उत्साहित हैं। अब उन्हें 2027 के चुनाव में मैदान में उतरने और फिर से जनता से आशीर्वाद मांगने का नैतिक और कानूनी हक भी मिल गया है। बकौल अधिकारी इसी के साथ उनकी 2027 के विधानसभा की तैयारी भी शुरू हो गई है।

हाईकोर्ट ने निरस्त की फर्त्याल की याचिका
2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी खुशाल सिंह अधिकारी पर जानकारी छुपाने और गलत जानकारी देने का भाजपा उम्मीदवार पूरन सिंह फर्त्याल ने लगाया था आरोप
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट/नैनीताल। लोहाघाट में कांग्रेस में हुई तकरार के बीच कांग्रेस के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के लिए एक अच्छी खबर आई है। और ये खबर आई है नैनीताल उच्च न्यायालय से। अधिकारी पर 2022 के विधानसभा चुनाव में लगे आरोपों को अदालत ने खारिज कर दिया। इस संबंध में हाईकोर्ट ने 18 नवंबर को फैसला सुनाया है।
2022 के विधानसभा चुनाव में उनके प्रतिद्वंदी रहे भाजपा नेता पूरन सिंह फर्त्याल द्वारा मई 2022 ने याचिका दायर की थी। जिसमें उन्होंने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियमम 1951 के तहत 10 मार्च 2022 को घोषित चुनाव नतीजे को चुनौती दे अधिकारी का चुनाव रद्द करने और खुद (पूरन सिंह फर्त्याल) को विजयी पद देने की अपील की थी। लेकिन सभी पक्षों की दलीलों को सुनने और दस्तावेज व तथ्यों के परीक्षण के बाद अदालत ने याचिका को आधारहीन पाया।
भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस उम्मीदवार के चुनाव को इस आधार पर दी थी चुनौती:
याचिकाकर्ता भाजपा प्रत्याशी पूरन सिंह फर्त्याल का आरोप था कि 2022 के विधानसभा चुनाव में नामांकन के वक्त कांग्रेस प्रत्याशी खुशाल सिंह अधिकारी पंजीकृत ठेकेदार थे। परिवार की फर्म में भागीदार भी थे, इससे आमदनी भी होती थी। आरोप लगाया था कि इस जानकारी को चुनाव में भरे गए नामांकन पत्र के साथ संलग्र शपथ पत्र में छुपाया गया। लिहाजा निर्वाचन निरस्त किया जाए।
ये था अधिकारी का जवाब:
वहीं खुशाल सिंह अधिकारी का कहना है कि उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए 24 जनवरी 2022 को नामांकन कराने से पूर्व फर्म से इस्तीफा दे दिया था। उनके द्वारा भरी गई सभी जानकारी सही हैं। इसलिए इस आधार पर उनके चुनाव को निरस्त नहीं किया जा सकता है।
© 2026. All Rights Reserved.