Thursday Oct 15, 2026

ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

लोहाघाट के प्रेमनगर क्षेत्र की घटना

मुआवजे की मांग की

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट के प्रेमनगर क्षेत्र की एक गौशाला में सूखी घास में आग लग गई। आग की चपेट में आने से मवेशियों के लिए टिनशेड में रखी सूखी घास जलकर राख हो गई। आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने मवेशियों के लिए चारे का संकट हो गया है।

आग बुझाते फायरकर्मी।

ग्रामीण प्रदीप विश्वकर्मा ने बताया कि प्रेमनगर  निवासी हरीश पाटनी और ममता पाटनी ने अपने घर के पास पंचायत घर के नजदीक बने टिन शेड में मवेशियों के लिए पूरे साल की मेहनत से सूखी घास एकत्र कर रखी थी। आज पूर्वान्ह एकाएक घास में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में अग्निशमन कर्मियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में सूखी घास जलने से पीड़ित परिवार को काफी नुकसान हुआ है। पीड़ित हरीश पाटनी ने बताया कि सूखी घास और टिनशेड में लगी आग से करीब 40 हजार रुपए का नुक़सान हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को हुए नुकसान का आकलन कर वाजिब मुआवजा देने का आग्रह किया है।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.