गुमदेश विकास संघर्ष समिति ने क्षेत्र के दौरे पर आए उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष एवं गुमदेश क्षेत्र के मूल निवासी हुकुम सिंह कुंवर को दिया ज्ञापन
डिग्री कॉलेज की स्थापना, पेयजल योजना का संचालन एवं गौड़ी से चिल्कोट तक मंजूर रोड को किमतोली तक बनवाने की मांग की
देवभूमि टुडे
चंपावत/किमतोली। गुमदेश विकास संघर्ष समिति ने गुमदेश क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना सहित तीन प्रमुख मांग की है। उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष एवं गुमदेश क्षेत्र के मूल निवासी हुकुम सिंह कुंवर के क्षेत्र के दौरे के दौरान गुमदेश विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी ने इसे लेकर ज्ञापन दिया।
कहा कि नेपाल सीमा से लगे गुमदेश क्षेत्र की 35 हजार की आबादी वाले इस क्षेत्र में 12 GIC हैं, जहां से हर वर्ष 400 छात्र-छात्राएं इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करते हैं, लेकिन उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्ति के लिए बाहर प्रवेश लेना पड़ता है। विशेषकर छात्राओं के लिए गंभीर समस्या है। इसे देखते हुए क्षेत्र में एक महाविद्यालय की स्थापना जरूरी है।
संघर्ष समिति ने क्षेत्र में लंबित पेयजल योजना का संचालन कर पानी की समस्या के निदान करवाने का आग्रह किया है। गुमदेश विकास संघर्ष समिति ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगा होने के कारण सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्त्वपूर्ण है। इस क्षेत्र को कम दूरी से जिला मुख्यालय चंपावत से जोड़ने के लिए किमतोली से गौड़ी चंपावत मोटर मार्ग की मांग की गई थी, लेकिन किन्तु इसे अभी चिल्कोट गांव तक ही स्वीकृति मिली है। जिससे गुमदेश क्षेत्र की आबादी को जिला मुख्यालय से जुड़ने का लाभ नहीं मिल रहा है चिल्कोट से किमतोली तक 6 किलोमीटर मार्ग को मंजूर करवाने की मांग की गई है।
इससे पूर्व अध्यक्ष कुंवर का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललित मोहन कुंवर, भाजपा के वरिष्ठ नेता मोहित पाठक, गुमदेश विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी सहित कई लोग मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.