Sunday Nov 1, 2026

सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता 2 नवंबर से बेमियादी हड़ताल पर

मानदेय सहित कई मांगों को लेकर लोहाघाट डाक बंगले में प्रदर्शन भी किया

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। दिवाली के त्योहार से ऐ पहले मानदेय सहित विभिन्न मांगों को लेकर सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता 2 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। ये ऐलान आज 31 अक्टूबर को सोरघाटी सस्ता गल्ला विक्रेता कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह बोहरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में किया गया। हड़ताल अवधि में विक्रेता न तो राशन बांटेंगे और नहीं सरकारी गोदामों से राशन उठाएंगे। साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर विक्रेताओं ने सामूहिक इस्तीफे की भी चेतावनी दी है। चंपावत जिले में 350 सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानें हैं।

लोहाघाट में प्रदर्शन करते सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता।

बैठक में गल्ला विक्रेताओं ने कई अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की। कहा कि वे लंबे समय से मानदेय की मांग कर रहे हैं। इसके लिए शासन स्तर पर इसके लिए मानदेय कमेटी का गठन भी किया गया, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। गल्ला विक्रेताओं का कहना था कि पहले विभाग की ओर से 80 प्रतिशत राशन का ऑनलाइन वितरण करने का प्रावधान था, जिसे अब शत-प्रतिशत कर दिया गया है। इसके बावजूद उन्हें न तो तौलकर राशन दिया जा रहा है और नहीं राशन में होने वाली छीज का प्रावधान किया गया है। इससे उन्हें लगातार आर्थिक

नुकसान हो रहा है। गल्ला विक्रेताओं ने कहा कि कोरोना काल के 7 माह की अवधि का परिवहन भाड़े का आज तक भुगतान नहीं किया गया है। एपीएल कार्डों पर मिलने वाले लाभांश में भी मांग के बावजूद बढ़ोतरी नहीं की गई है। इसके अलावा जिले में कांटों और मशीनों को ठीक करने के लिए दो ऑपरेटरों की तैनाती की भी मांग की गई है।

मौजूद थे ये गल्ला विक्रेता:

चंद्रमोहन जोशी, होशियार सिंह धौनी, विक्रम सिंह, दिनेश सिंह, दीपक पुजारी, भावना जोशी, सुरेश चंद्र जोशी, हरीश चंद्र पांडेय, मोहन सिंह, हेमंत कुमार, राजेंद्र सिंह, जोगा सिंह, मदन सिंह, लक्ष्मण राम, हरीश चतुर्वेदी, बसंत राम, कैलाश सिंह, नरेश पांडेय, विपिन गड़कोटी आदि।

खाद्य आयुक्त 3 नवंबर को विक्रेता संघ के अध्यक्षों से करेंगे वार्ता:

पूर्ति विभाग का कहना है कि तौल के लिए सभी गोदामों में कांटे लगे हैं। मानदेय को लेकर शासन स्तर से कोई निर्णय नहीं हुआ है। मांगों पर विचार करने के लिए खाद्य आयुक्त ने 3 नवंबर को देहरादून में प्रत्येक जिले के गल्ला विक्रेता संघ के अध्यक्ष को वार्ता के लिए बुलाया है।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.