वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ गोल्ज्यू महोत्सव
आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम
मौसम खराब होने के चलते उद्घाटन समारोह में नहीं आ सके
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोल्ज्यू महाराज से सुख-समृद्धि की कामना करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं
देवभूमि टुडे
चंपावत। इंसाफ की धरती चंपावत के गोरल देव मंदिर में गोल्ज्यू महोत्सव का श्रीगणेश हो गया है। शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। महोत्सव के पहले दिन आज 4 मई को गौरलचौड़ मैदान के पास नगर पालिका कार्यालय से श्री गोल्ज्यू मंदिर तक पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा ने महोत्सव को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। यात्रा के दौरान कुमाऊं के नामी छोलिया नृत्य की प्रस्तुति ने मनमोह लिया। श्री गोल्ज्यू महाराज मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ।
मौसम खराब होने के चलते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उद्घाटन समारोह में नहीं आ सके। उन्होंने जल्द ही मौसम अनुकूल होने पर कार्यक्रम में पहुंचने का आश्वासन दिया है। महोत्सव के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान गोल्ज्यू महाराज से राज्य की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने गोल्ज्यू मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। उन्होंने धर्म, संस्कृति और परंपरा के प्रतीक गोल्ज्यू महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लेने की अपील की।









10 दिनी महोत्सव के शुभारंभ मौके पर सभासद प्रेमा चिल्कोटी, रोहित बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना व हेमा जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, मुकेश कलखुड़िया, प्रदेश मंत्री निर्मल महरा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, हिमेश कलखुड़िया, कैलाश अधिकारी, सूरज प्रहरी, विकास शाह आदि मौजूद थे।
DM मनीष कुमार ने मंदिर पहुंचकर वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जिले की समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने महोत्सव के संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों एवं आयोजन समिति के समंदित प्रयासों की सराहना करते हुए सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।
पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए महोत्सव की समयावधि एवं कार्यक्रमों में जरूरत के अनुरूप संशोधन किया जाएगा। इसके लिए महोत्सव समिति के साथ समन्वय स्थापित कर निर्णय लिए जाएगा। कार्यक्रम में CDO डॉ. जीएस खाती, ADM कृष्ण नाथ गोस्वामी, SDM विपिन चंद्र पंत, नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, सहित अन्य जन प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
© 2026. All Rights Reserved.