खेतीखान के बहुउद्देशीय भवन व स्मृतिस्थल के लिए जारी 20 लाख की धन राशि अन्यत्र स्थानांतरित करने का आरोप
देवभूमि टुडे
चंपावत/खेतीखान। काली कुमाऊं के शेर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित हर्षदेव ओली की धरती खेतीखान में इंदिरा पार्क में शुक्रवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों (पंडित हषदेव ओली, पंडित दुर्गादत्त ओली, पंडित दयाराम ओली एवं पंडित पूर्णानंद जोशी) की मूर्ति में माल्यार्पण करने के साथ धरने का आगाज हुआ। जिला पंचायत सदस्य अशोक महरा और क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि खेतीखान में बनने वाले स्मृति स्थल के लिए आवंटित 20 लाख रुपए बिना किसी सूचना के अन्यत्र स्थानांतरित कर दिए गए है, जो सरासर सेनानियों का अपमान है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। कहा गया कि जब तक ग्राम सभा गोशनी ओलीगांव में स्वीकृत बहुउद्देशीय भवन व स्मृति स्थल की स्वीकृत राशि वापस नहीं की जाती है, तब तक बेमियादी धरना जारी रहेगा।


धरना देने वालों में गोशनी के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आलोक वर्मा, बांजगांव के प्रधान प्रतिनिधि बांजगांव राजू देउपा, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रकांत ओली, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि पवन देउपा, उप प्रधान अनुज बोहरा, गोपाल मनराल, नवीन बोरा, रमेश चंद्र ओली, दिनेश ओली, तेज सिंह बोरा, लालमणि, मोहन ओली सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.