आरोपित को लोहाघाट पुलिस ने देहरादून से दबोचा
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। व्यापारियों एवं अन्य लोगों को अधिक रुपये कमाने का लालच देकर ठगी करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपित को लोहाघाट पुलिस ने देहरादून से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जिले में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी के तहत सीओ देवेंद्र कप्रवाण के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष लोहाघाट ओम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 9 सितंबर को कार्रवाई करते हुए विनय भट्ट निवासी देहराखास, देहरादून को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार थाना लोहाघाट क्षेत्र में विभिन्न लोगों एवं व्यापारियों को अधिक पैसे कमाने का लालच देकर ठगी किए जाने के मामले सामने आए थे। इन मामलों में न्यायालय द्वारा आरोपित के विरूद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी करने के साथ ही धारा 82 सीआरपीसी के तहत आदेश भी जारी किए गए थे। लोहाघाट पुलिस ने ठोस मुखबिर तंत्र एवं प्रभावी पुलिसिंग के जरिए आरोपित की तलाश करते हुए उसे देहरादून से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक कुंदन सिंह बोरा एवं कांस्टेबल संजय साहनी शामिल रहे। चंपावत पुलिस ने बताया कि वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।
© 2026. All Rights Reserved.