चंपावत जिले में बीती रात से भारी बारिश
पूर्णागिरी सड़क सहित 4 रोड बंद
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। चंपावत जिले में बीती रात से हो रही भारी बारिश से जन-जीवन पर असर पड़ा है। बारिश से कहीं मलबा तो कहीं उफनाए नाले ने राह रोक दी है। सीमांत टनकपुर-जौलजीबी रोड सहित जिले में कुल 4 सड़कें बंद हैं। इस कारण वाहनों का आवागमन ठप है। उफनाए नाले ने पूर्णागिरी मार्ग के दर्शनों पर भी ब्रेक लगा दिया है। संबंधित रोडों की कार्यदाई एजेंसी सड़क को खोलने में जुटी हैं।
चंपावत जिले के अधिकांश हिस्सों में बीते 24 घंटे में खासी तेज बारिश हुई है। इस बारिश का असर सड़कों पर पड़ा है। यद्यपि टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग खुला है लेकिन जिले की 4 सड़कें बंद हैं। दो दिन पहले करीब 60 घंटे बंद रही टनकपुर-जौलजीबी रोड भारी मलबा आने से आज 1 सितंबर की सुबह से फिर से बंद हो गई है। इसके अलावा टनकपुर-ठुलीगाड़ रोड में कई जगह नालों के उफान पर आने से पूर्णागिरी दर्शन में अवरोध आया है। चंपावत जिले की दो अन्य सड़कों में भी बारिश की वजह से आवाजाही प्रभावित हुई है। इन सभी सड़कों को खोलने की कवायद चल रही है।
लोक निर्माण विभाग के टनकपुर के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत का कहना है कि टनकपुर-ठुलीगाड़ मार्ग पर नाले का जल स्तर कम होने के बाद टनकपुर-जौलजीबी रोड को खोलने का काम हो सकेगा। टीजे रोड में चरणमंदिर के पास मलबा आने से रोड का यह हिस्सा बेहद खतरनाक बना है।
बंद हैं ये सड़कें:
1.निर्माणाधीन टनकपुर-जौलजीबी रोड।
2.टनकपुर-ठुलीगाड़ रोड (पूर्णागिरी मार्ग)
3.चमदेवल-निडिल रोड।
4.धौन-दियूरी रोड।
चंपावत जिले में कितनी बारिश सुबह 8 बजे तक (1 सितंबर का आकड़ा):
चंपावत: 105 मिलीमीटर
लोहाघाट: 023 मिलीमीटर
पाटी: 005 मिलीमीटर
टनकपुर: 015 मिलीमीटर
बनबसा: 023 मिलीमीटर
© 2026. All Rights Reserved.