लोहाघाट के सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र लाल शाह ने हल्द्वानी मे ली अंतिम सांस
खेल, राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने जताया शोक
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। पूर्व नामी फुटबॉल खिलाड़ी नरेंद्र लाल शाह का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। एकाएक सेहत बिगड़ने पर परिजन उन्हें हल्द्वानी के अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। स्थानीय ऋषेश्वर घाट में आज 29 अक्टूबर को उनका अंतिम संस्कार किया गया। चिता को मुखाग्नि उनके पुत्र शिक्षक मुकेश शाह, संजय शाह, मनोज शाह और जितेंद्र शाह ने दी। उनके निधन पर विभिन्न खेल, राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने दुख व्यक्त किया है।

लोहाघाट के मीना बाजार निवासी नरेंद्र लाल शाह सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और समाजसेवा के लिए जाने जाते थे। वह जरूरतमंद और गरीब लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। फुटबॉल के क्षेत्र में भी उन्होंने खास पहचान बनाई थी। निधन पर शोक जताने वालों में पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह माहरा, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष निर्मल माहरा, भाजपा नेता सतीश पांडेय, जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भागीरथ भट्ट, डॉ. महेश ढेक आदि शामिल थे।
© 2026. All Rights Reserved.